नालंदा. बिहार के नालंदा जिले में तेज रफ्तार हाइवा और ऑटो रिक्शा के बीच भीषण टक्कर हो गई. घटना सारे थाना क्षेत्र के अलीनगर गांव के पास की है. इस हादसे में ऑटो में सवार छह लोगों की मौत हो गई है. जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं. घायलों को बरबीघा रेफरल अस्पताल में भर्ती करवाया गया है. दुर्घटना के बारे में बताया जा रहा है कि बिहारशरीफ की तरफ से रॉन्ग साइड में आ रही ऑटो को हाइवा ने टक्कर मार दी. प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक यह टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ऑटो के परखच्चे उड़ गए.

दुर्घटना की सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने दो महिलाओं के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए बिहारशरीफ के सदर अस्पताल भेज दिया है.

इधर घटना के बाद स्थानीय लोग आक्रोशित हो गए और उन्होंने हाइवा में तोड़फोड़ की और उसको आग के हवाले कर दिया. भीड़ ने सड़क पर आगजनी की और जमकर हंगामा मचाया. इसकी सूचना मिलने पर पुलिस और डीएसपी सदर शिब्ली नोमानी वहां पहुंचकर लोगों को शांत करने में जुटे हुए हैं. लेकिन आक्रोशित लोग मानने को तैयार नहीं है. फिलहाल स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है.

पुलिस ने आरोपी हाइवा चालक को हिरासत में ले लिया है. पुलिस दुर्घटना में मारे गए लोगों की पहचान जानने का प्रयास कर रही है.
Source : News18
(मुजफ्फरपुर नाउ के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)




