रविवार का दिन JDU के लिए बेहद अहम हो सकता है. आरसीपी सिंह के केंद्र में मंत्री बनने के बाद JDU के अंदर खाने मची हलचल के बीच JDU के तमाम शीर्ष नेता प्रदेश पदाधिकारियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक में शामिल होंगे. इस बैठक पर ना सिर्फ़ JDU की बल्कि प्रदेश की सियासत की भी नज़रें टिकी हुई है क्योंकि सूत्र बता रहे हैं कि इस बैठक में पार्टी से जुड़े कुछ महत्वपूर्ण फैसले भी हो सकते हैं. जदयू के प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा ने बैठक को महत्वपूर्ण बताया. इस बैठक में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार (CM Nitish Kumar) और पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष व केंद्रीय इस्पात मंत्री आरसीपी सिंह (Minister RCP Singh) जूम ऐप के जरिए प्रदेश पदाधिकारियों को संबोधित करेंगे.

इस बैठक को पूर्व प्रदेश अध्यक्ष वशिष्ठ नारायण सिंह, विजय कुमार चौधरी, अशोक चौधरी और मंत्री विजेंद्र प्रसाद यादव भी संबोधित करेंगे वहीं मंत्री संजय कुमार झा भी ZOOM APP के जरिए पार्टी के प्रदेश पदाधिकारियों को संबोधित करेंगे. इस मौके पर पार्टी के संसदीय बोर्ड के राष्ट्रीय अध्यक्ष उपेन्द्र कुशवाहा भी शामिल होंगे. ये पहली बार होगा जब उपेन्द्र कुशवाहा और आरसीपी सिंह JDU की किसी बैठक में एक साथ शामिल होंगे और बैठक को सम्बोधित भी करेंगे.

उमेश सिंह कुशवाहा ने कहा कि इस बैठक के माध्यम से पार्टी की मजबूती पर चर्चा की जाएगी इस दौरान मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के द्वारा वर्चुअल संवाद किया जाएगा वहीं पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और केंद्रीय इस्पात मंत्री आरसीपी सिंह दिल्ली स्थित विभागीय कार्यालय से वर्चुअल माध्यम से प्रदेश पदाधिकारियों को संबोधित करेंगे. उमेश सिंह कुशवाहा ने कहा कि प्रदेश पदाधिकारियों की होने वाली बैठक को लेकर पूरी तैयारी कर ली गई है. इस बैठक में पार्टी के सभी प्रदेश उपाध्यक्ष, सभी महासचिव व सचिव, कोषाध्यक्ष, पार्टी के तमाम प्रवक्ता गण, तमाम प्रकोष्ठों के प्रदेश अध्यक्ष और प्रदेश प्रभारीगण शामिल होंगे.
Input: news18






