देश आज पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी (Atal Bihari Vajpayee) को उनकी पुण्यतिथि पर श्रद्धापूर्वक याद कर रहा है. आज यानी 16 अगस्त 2020 को देश के पूर्व पीएम भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी की द्वितीय पुण्यतिथि है. 16 अगस्त 2018 को उनका देहांत हो गया था. उनकी गिनती देश की सियासत के उन चंद नेताओं में होती है जो कभी दलगत राजनीति के बंधन में नहीं बंधे. उन्हें हमेशा ही सभी पार्टियों से भरपूर प्यार व स्नेह मिला. देश के तमाम नेता और जनता उनको याद कर रही है.

देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य समेत तमान नेताओं ने पूर्व पीएम की पुण्यतिथि पर विनम्र श्रद्धांजलि दी हैसीएम योगी ने दी विनम्र श्रद्धांजलि

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी अटल बिहारी वाजपेयी जी की पुण्यतिथि पर उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित की. उन्होंने ट्वीट करते हुए लिखा- प्रखर राष्ट्रवादी, लोकप्रिय जननेता, भारतीय राजनीति में अपने आचरण से लोकतांत्रिक मूल्यों की पुनर्स्थापना करने वाले राजर्षि, पूर्व प्रधानमंत्री, ‘भारत रत्न’ श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी जी को उनकी पुण्यतिथि पर विनम्र श्रद्धांजलि। आपका त्यागमय जीवन हम सभी के लिए एक महान प्रेरणा है।
जेपी नड्डा ने किया नमन
बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने अटल बिहारी वाजपेयी को उनकी पुण्यतिथि पर नमन किया है. उन्होंने लिखा- भारतीय राजनीति के युगपुरुष, भाजपा के संस्थापक, पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न श्री अटल बिहारी वाजपेयी जी की पुण्यतिथि पर सादर नमन! असंख्य कार्यकर्ताओं के पथ-प्रदर्शक अटल जी का पूरा जीवन देश को समर्पित रहा, लोकतांत्रिक आदर्शों के प्रति आपकी प्रतिबद्धता हम सभी के लिए प्रेरणास्रोत है।
Input: Zee Media




