पटना : बिहार के किसानों के लिए पुआल (पराली) अब मुसीबत नहीं बनेगा। किसानों की जेब भरेगी। वातावरण को प्रदूषण से मुक्ति मिलेगी और खेतों में हरियाली भी आएगी। बिहार सरकार इसी खरीफ मौसम से बायोचार खाद बनाने के लिए किसानों से पुआल खरीदने जा रही है।

खाद बनने पर किसानों को मुफ्त में दिया जाएगा। पुआल को विशेष प्रकार की भट्ठी में 400 डिग्री सेंटीग्रेड ताप पर जलाया जाता है। इससे कार्बन युक्त खाद तैयार होती है। जलाने के बाद जो कार्बन अवशेष बचेगा वही बायोचार होगा, जिसे मिट्टी में मिलाकर कार्बन की कमी को दूर किया जा सकेगा। तत्काल पायलट प्रोजेक्ट के तहत 11 जिलों के कृषि केंद्रों में बायोचार खाद तैयार करने के लिए विशेष तरह की भट्ठी लगाई गई है। एक बायोचार भट्ठी बनाने में 1.5 लाख रुपये की लागत आएगी। कृषि विभाग ने जलवायु के अनुकूल खेती को बढ़ावा देने के लिए यह योजना बनाई है। इस पहल से जरूरत के अनुसार मिट्टी में कार्बन की कमी को दूर किया जा सकेगा, साथ में पुआल जलाने की घटनाएं भी कम होंगी। किसानों से पुआल सरकार ही खरीद लेगी।

पुआल प्रबंधन के लिए सरकार कई स्तर पर पहल कर रही है। इसी कड़ी में पुआल से किसानों की आमदनी बढ़ाने की भी कोशिश है। कृषि विभाग ने कृषि विवि के सहयोग से बायोचार खाद बनाने की कवायद शुरू की है।
अमरेंद्र प्रताप सिंह, कृषि मंत्री, बिहार
60 फीसद निकलेगा बायोचार
विभागीय सचिव ने पिछले दिनों हवाई सर्वे में पाया था कि पुआल जलाने की घटना सबसे अधिक शाहाबाद के जिलों में हो रही है। लिहाजा जल्द ही शाहाबाद के जिलों के किसान विज्ञान केंद्र में भट्ठी की खरीद होगी। एक भट्टी की कीमत लगभग डेढ़ लाख रुपये आंकी गई है। जितना भी पुआल जलाया जाएगा, उसका 60 फीसद बायोचार निकलेगा। राज्य के सभी जिलों की मिट्टी में कार्बन की कमी पाई गई है। लिहाजा शाहाबाद से शुरुआत के बाद इसे धीरे-धीरे सभी जिलों में लागू किया जाएगा। इस पहल से मिट्टी की सेहत दुरुस्त करने के साथ पर्यावरण की भी रक्षा हो सकेगी।

पंजाब से तकनीक सीखेंगे विज्ञानी
राज्य सरकार के कृषि विभाग और कृषि विवि सबौर के विज्ञानियों की टीम 27 सितंबर को पंजाब के लुधियाना में तकनीक सीखने जाएगी। टीम में अधिकारियों के अलावा विवि के इंजीनियर्स और तकनीकी जानकारों का भी शामिल किया गया है। पहले चरण में 11 जिलों में भट्ठी लगाने की तैयारी है, जिनमें शाहाबाद प्रमुख है।
Source : Dainik Jagran
हेलो! मुजफ्फरपुर नाउ के साथ यूट्यूब पर जुड़े, कोई टैक्स नहीं चुकाना पड़ेगा 😊 लिंक 👏




