झारखंड के शहर बोकारो का रहने वाला एक युवक बिहार की महिला दारोगा के इश्‍क में फंसकर पूरी तरह बर्बाद हो गया। बोकारो के चास के रहने वाले रोशन सागर नाम के इस युवक ने बेगूसराय जिले के बरौनी थाने में तैनात महिला दारोगा से शादी कर ली थी। युवक और महिला दारोगा का यह फैसला सही साबित नहीं हुआ। शादी के बाद दोनों के संबंध सही नहीं रहे। जब हर कोशिश के बाद भी बात नहीं बनी तो युवक ने मौत को गले लगा लिया, वहीं महिला दारोगा की भी पिछले कुछ दिनों से कोई खबर नहीं है। बताया जा रहा है कि महिला दारोगा थाने में भी नहीं पहुंच रही हैं। यह दंपती पटना के राजीव नगर के एक अपार्टमेंट में रहा करते थे।

राजीव नगर निवासी युवक रोशन सागर द्वारा फांसी लगा जान देने के मामले में स्वजनों ने शुक्रवार को उसकी सब इंस्पेक्टर पत्नी के खिलाफ मुकदमा दर्ज करवा दिया है। उन्होंने महिला एसआइ प्रीति शर्मा पर रोशन को प्रताडि़त करने का आरोप लगाया है। पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है। इस मामले में जल्द एसआइ से पुलिस पूछताछ भी करेगी। पुलिस सूत्रों के मुताबिक प्रीति बिना सूचना के कुछ दिनों से बरौनी थाने में ड्यूटी पर नहीं जा रही हैं। इसकी सूचना वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों को दे दी गई है। इसपर महिला दारोगा के खिलाफ विभागीय स्तर पर कार्रवाई हो सकती है।

umanag-utsav-banquet-hall-in-muzaffarpur-bihar

मूल रूप से बोकारो के चास निवासी रोशन सागर राजीव नगर थाना क्षेत्र स्थित अमर अपार्टमेंट में रहते थे। उन्होंने बिहार पुलिस की महिला एसआइ से प्रेम विवाह किया था। वर्तमान में युवक की पत्नी प्रीति बरौनी थाने में तैनात हैं। पत्नी से विवाद के कारण बुधवार की रात रोशन ने अपने फ्लैट में पंखे के सहारे फांसी लगा जान दे दी थी। स्वजनों की सूचना पर पुलिस जब युवक के फ्लैट पर गई थी तो उसे फंदे से लटका पाया था। घटनास्थल से पुलिस को कोई सुसाइड नोट नहीं मिला था।

युवक के फोन में मिले हैं पत्नी को किए मैसेज और चैट

रोशन के फोन की जांच करने पर पता चला था कि उनके पत्नी से अच्छे संबंध नहीं थे। युवक के फोन से पत्नी को किए विवाद संबंधी मैसेज और कई चैट मिले हैं। फांसी से पहले उन्होंने पत्नी को वीडियो काल किया था। पुलिस अधिकारी के मुताबिक रोशन पटना में एक जूते के शोरूम में काम करते थे।

Source : Dainik Jagran

(मुजफ्फरपुर नाउ के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)

Muzaffarpur Now – Bihar’s foremost media network, owned by Muzaffarpur Now Brandcom (OPC) PVT LTD

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *