पटनाः पशुपालन एवं मत्स्य मंत्री व वीआईपी पार्टी के राष्ट्रीय अध्य्क्ष मुकेश सहनी ने एनडीए की बैठक का बहिष्कार कर दिया है. इस संबंध में पशुपालन एवं मत्स्य मंत्री मुकेश सहनी ने सोमवार को कहा कि उन्होंने एनडीए की बैठक का बहिष्कार इसलिए किया है क्योंकि यहां विधायकों और मंत्रियों की बात नहीं सुनी जाती है. वह एनडीए का हिस्सा हैं और बात रखने का उन्हें पूरा हक है.

मुकेश सहनी ने कहा कि, “सन ऑफ मल्लाह की धमक उत्तर प्रदेश में भी दिखाई दे रही है. प्रदेश को सन ऑफ मल्लाह से डर लगता है. वहां 5000 पुलिसकर्मी लगाए गए. मेरा डर दिखा यह मेरे लिए बहुत बड़ी उपलब्धि है. नरेंद्र मोदी जी का विश्वास है कि सबका साथ सबका विकास हो. योगी जी को समझने की जरूरत है. योगी जी ही बताएंगे कि आखिर उन्होंने क्यों हमें आजादी नहीं दी.”

फूलन देवी की प्रतिमा स्थापित करना चाहती थी पार्टी

यहां बता दें कि सहनी की पार्टी यूपी के लखनऊ और वाराणसी सहित तमाम बड़े शहरों में फूलन देवी की प्रतिमा स्‍थापित करना चाहती थी. इस सिलसिले में जब सहनी वाराणसी पहुंचे तो वहां उन्‍हें एयरपोर्ट से बाहर ही नहीं निकलने दिया गया और दूसरी फ्लाइट से कोलकाता भेज दिया गया.

मुकेश सहनी ने कहा कि एक तरफ प्रधानमंत्री कहते हैं सबका साथ सबका विकास और हम एक मूर्ति लगाने गए तो रोका गया. उन्होंने एक बड़ा बयान भी दिया और कहा कि अब एनडीए की बैठक में जाने का कोई मतलब नहीं है. जब एनडीए की बैठक में हमारी बात नहीं सुनी जाती है तो हमें और जीतन राम मांझी को मिलकर सोचना है कि आखिर हमारी बात क्यों नहीं सुनी जा रही है. आज की बैठक के बहिष्कार का उत्तर प्रदेश से कोई लेना-देना नहीं है.

Source : ABP News

Muzaffarpur Now – Bihar’s foremost media network, owned by Muzaffarpur Now Brandcom (OPC) PVT LTD

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *