शराबबंदी अभियान को लेकर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की बिहार यात्रा को लेकर सियासत तेज हो गई है. पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी ने इस पर तंज कसते हुए कहा कि नीतीश कुमार बिहार भर की यात्रा कर रहे हैं, यह अच्छी बात है. नीतीश कुमार जब गांवों में भ्रमण करेंगे तो महिलाओ से जरूर पूछें कि उनके पति शराब पीते हैं या नहीं. महिलाएं ही बेहतर तरीके से बता सकती हैं कि बिहार में शराबबंदी की क्या स्थिति है. राबड़ी देवी ने कहा कि बिहार में लॉ एंड ऑर्डर की स्थिति पूरी तरह से खराब हो गई है, क्राइम का ग्राफ चरम पर है. नीतीश कुमार दावा करते हैं कि बिहार में शराबबंदी है. लेकिन विधानसभा परिसर से शराब की बोतलें मिल रही हैं. डीजीपी (DGP) बोतल खोजने में लगे हैं और बिहार सरकार सिर्फ बयान दे रही है.

राबड़ी देवी ने बिहार सरकार को पूरी तरह फेल बताते हुए कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बीते 16 वर्षों में कुछ नहीं किया है. हर दिन बिहार में रेप और मर्डर की खबरें आती रहती हैं.
बिहार यात्रा से पहले मुजफ्फरपुर का मामला उठाया
पूर्व मुख्यमंत्री ने मुजफ्फरपुर में आंखों के ऑपरेशन में लापरवाही के कारण कई लोगों की आंखों की रोशनी चले जाने का मामला उठाते हुए नीतीश सरकार पर हमला बोला. राबड़ी देवी ने कहा कि मुजफ्फरपुर में बड़ी संख्या में लोगों की आंखें चली गई हैं. सरकार को पता लगाना चाहिये कि कैसे और किसने यह कैंप लगाया था और आंखों का ऑपरेशन किया था. उन्होंने स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय पर भी सवाल खड़े करते हुए कहा कि स्वास्थ्य मंत्री कहते हैं बिहार की स्वास्थ्य व्यवस्था दुरुस्त है, पर यह क्यों नहीं दिखाई पड़ता. उन्होंने पीड़ितों के लिए मुआवजा की मांग करते हुए कहा कि अब तक सिर्फ बातें कही जा रही हैं, मुआवजे की घोषणा किसी ने नहीं की.

कांग्रेस ने भी उठाया सवाल तो जेडीयू ने किया बचाव
मुख्यमंत्री की बिहार यात्रा पर कांग्रेस के एमएलसी प्रेमचंद्र मिश्र ने भी सवाल उठाते हुए कहा कि ऐसा कहा जा रहा है कि नीतीश कुमार यात्रा पर जाकर महिलाओं को जगाने का काम करेंगे. पर आज तक महिलाएं मजबूत नहीं हुईं. मुख्यमंत्री को चाहिए कि जब भी महिलाओं के पास जाएं तो सिर्फ उनसे मिलें नहीं बल्कि कोई योजना लेकर भी जाएं.

विरोधियों के लगाए आरोपों पर जनता दल युनाइटेड (जेडीयू) ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का बचाव किया. जेडीयू के वरिष्ठ नेता उपेंद्र कुशवाहा ने कहा कि नीतीश कुमार अक्सर यात्रा पर निकलते रहे हैं. कोरोना संक्रमण के कारण पिछले साल यात्रा पर नहीं निकल पाए थे. नीतीश कुमार खुद लोगों के बीच जाकर जानेंगे कि उनकी क्या समस्या है.
Source : News18
(मुजफ्फरपुर नाउ के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)





