समस्तीपुर लोको डीजल शेड के एक इंजीनियर ने डीएमई का फर्जी कार्यालय आदेश दिखाकर रेलवे मंडल के पूर्णिया कोर्ट स्टेशन के पास वर्षों से खड़ी छोटी लाइन का पुराना वाष्प इंजन स्क्रैप माफिया के हाथ बेच डाला। मामला उजागर नहीं हो इसके लिए डीजल शेड पोस्ट पर कार्यरत एक दारोगा की मिलीभगत से शेड के आवक रजिस्टर पर एक पिकअप वैन स्क्रैप के अंदर प्रवेश करने संबंधी एंट्री भी करवा दी, लेकिन ऑन ड्यूटी सिपाही संगीता कुमारी की रिपोर्ट पर जांच शुरू हुई तो पूरा इंजन बेचने का खुलासा हो गया।

इस मामले में पूर्णिया कोर्ट स्थित RPF के दारोगा एमएम रहमान के बयान पर मंडल के बनमनकी पोस्ट पर रविवार देर शाम प्राथमिकी दर्ज की गई है। इसमें इंजीनियर राजीव रंजन झा, हेल्पर सुशील यादव समेत सात लोगों को आरोपी बनाया गया है।

उधर, डीआरएम आलोक अग्रवाल के आदेश पर इंजीनियर और हेल्पर के अलावा डीजल शेड पोस्ट पर तैनात दारोगा वीरेंद्र द्विवेदी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। मामला उजागर होने के बाद से फरार चल रहे इंजीनियर आरआर झा की गिरफ्तारी के लिए RPF की टीम लगातार छापेमारी कर रही है।

यह है स्टीम इंजन का पूरा मामला

14 दिसंबर 2021 काे समस्तीपुर डीजल शेड के इंजीनियर राजीव रंजन झा, हेल्पर सुशील यादव के साथ पूर्णिया कोर्ट स्टेशन के पास वर्षों से खड़ी पुराने वाष्प इंजन को गैस कटर से कटवा रहे थे। पूर्णिया आउट पोस्ट प्रभारी एमएम रहमान आर ने रोका ताे इंजीनियर ने डीजल शेड के डीएमई का पत्र दिखाते हुए RPF को लिखित रूप से मेमो दिया कि इंजन का स्क्रैप वापस डीजल शेड ले जाना है। अगले दिन सिपाही संगीता ने स्क्रैप लोड पिकअप के प्रवेश की एंट्री देखी लेकिन स्क्रैप था ही नहीं। संगीता ने इसकी जानकारी अधिकारियों को दी।

डीएमई बोले- आदेश जारी ही नहीं हुआ

आरपीएफ की पूछताछ के दौरान डीएमई ने कहा, इंजन का स्क्रैप लाने के लिए डीजल शेड से कोई आदेश जारी नहीं हुआ। सिपाही संगीता की सूचना के बाद स्क्रैप की खोज शुरू हुई। मंडल सुरक्षा आयुक्त एके लाल ने बताया कि एमएम रहमान ने डीजल शेड से जारी पत्र के बारे में जांच शुरू की तो शेड के डीएमई ने इस तरह का कोई भी पत्र कार्यालय से जारी करने की बात से इनकार कर दिया। दो दिनों तक खोज के बाद भी कहीं स्क्रैप लोड वाहन की जानकारी नहीं मिली। फिर इस मामले में प्राथमिकी दर्ज कराई गई।

पूर्णिया से पुराने वाष्प इंजन का स्क्रैप लाने का कोई आदेश जारी नहीं किया गया है। कर्मी राजीव द्वारा दिखाया गया पत्र फर्जी है। राजीव रंजन झा व सुशील कुमार को निलंबित किया गया है। – संजय पासवान, डीएमई

फर्जी रूप से डीजल शेड के आवक रजिस्टर पर पिकअप वैन एंट्री करने के मामले में दारोगा वीरेंद्र द्विवेदी को तत्काल प्रभाव से निलंबित किया गया है। – एके लाल, मंडल सुरक्षा आयुक्त

पूरी मामले की जांच शुरू कर दी गई है। तत्काल डीजल शेड के दो कर्मी व एक आरपीएफ दारोगा को निलंबित किया गया है। – आलोक अग्रवाल, डीआरएम, समस्तीपुर रेलमंडल

Source : Dainik Bhaskar

(मुजफ्फरपुर नाउ के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)

umanag-utsav-banquet-hall-in-muzaffarpur-bihar

Muzaffarpur Now – Bihar’s foremost media network, owned by Muzaffarpur Now Brandcom (OPC) PVT LTD

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *