सीतामढ़ी. बिहार में सीतामढ़ी जिले में छह साल की बच्ची के साथ रेप का मामला सामने आया है. घटना रीगा थाना क्षेत्र की है. पीड़ित लड़की के परिजनों ने स्थानीय थाना में आवेदन देकर रीगा इमली बाजार वार्ड नंबर 13 निवासी सोनेलाल साह के 20 वर्षीय बेटे श्याम कुमार को आरोपित किया है. परिजनों ने बताया कि शनिवार की शाम लगभग छह बजे उनके पड़ोस में रहने वाला युवक बच्ची को लालच देकर गांव के खलिहान में ले गया था और वहां उसके साथ दरिंदगी की. वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी पीड़िता को छोड़कर फरार हो गया.

परिजनों को जब इसकी जानकारी मिली तो वो पीड़िता को लेकर स्थानीय अस्पताल पहुंचे और उसका इलाज करवाया. इसके बाद रविवार की सुबह पीड़ित बच्ची को सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया. परिजनों ने स्थानीय थाने में आवेदन दिया, रविवार शाम तक इस संबंध में प्राथमिकी (एफआईआर) दर्ज नहीं हुई है. परिजनों का आरोप है कि उन्हें पुलिस कार्रवाई करने के बजाय परेशान कर रही है. कभी कहते हैं कि महिला थाना जाइए, फिर महिला थाने में कहा जाता है कि आप अपने पास के थाने में जाइए.

हालांकि बाद में वरिष्ठ अधिकारियों को इसकी सूचना दी गई जिसके बाद सदर एसडीपीओ के निर्देश पर पुलिस ने मामला दर्ज किया. महिला थाना और रीगा थाना पुलिस ने सदर अस्पताल पहुंचकर पीड़ित बच्ची का बयान दर्ज किया. पुलिस ने आरोपी युवक को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है.
Source : News18

(मुजफ्फरपुर नाउ के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)





