सीवान जिले के मैरवा से मानवता को झकझोर कर रखने वाला एक वीडियो सामने आया है। मैरवा प्रखंड में एंबुलेंस नहीं मिली तो एक बेटा अपने पिता को ठेले पर लेकर इलाज कराने के लिए अस्पताल ले गया। ये वीडियो बिहार के स्वास्थ्य विभाग की हकीकत बताता है। बता दें कि यह स्वास्थ्य मंत्री के गृह जिले का मामला है।

जानकारी के अनुसार वीडियो में दिख रहे व्यक्ति का नाम किशोर पाल है। उसे जब एंबुलेंस या कोई और संसाधन नहीं मिला तो वह अपने पिता को इलाज कराने के लिए ठेले पर ले गया। एंबुलेंस के अभाव में कई परिजन अपनों को ठेले के जरिए अस्पताल पहुंचा रहे हैं या घर लाने को मजबूर हैं। वीडियो देखकर लोग आक्रोशित हैं ।

किशोर ने बताया कि उसने कई बार एंबुलेंस के लिए कॉल किया लेकिन स्वास्थ्य विभाग की तरफ से कोई जवाब नहीं मिला। अंत में मजबूर होकर उसे पिता को ठेले पर लादकर अस्पताल ले जाना पड़ा। इस मामले पर सीवान सदर अस्पताल के सीएमओ का कहना है कि इस तरह की बातें सामने आई हैं, जांच की जा रही है।

उन्होंने कहा कि वीडियो में दिख रहा व्यक्ति अपने पिता को इलाज के लिए ठेले पर क्यों ले जा रहा था। उसने एंबुलेंस वाले को कॉल किया था नहीं। यदि कॉल किया था तो किस नंबर पर किया था। इसकी जानकारी ली जाएगी। यदि इसमें कोई दोषी पाया जाता है तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी।

वहीं इस मामले पर पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी ने नीतीश कुमार पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि सीएम को शर्म नहीं आती, बिल में छुपे बैठे हैं। आरजेडी नेता ने कहा, ‘एंबुलेंस चोर के संसदीय क्षेत्र छपरा और बिहार के स्वास्थ्य मंत्री के गृह जिला सीवान में एंबुलेंस के अभाव में मरीजों को ठेले पर लाद कर ले जाया जाता है। 16 वर्षों में नीतीश-भाजपा ने शिक्षा ही नहीं स्वास्थ्य सेवा को पूर्णत: बर्बाद कर दिया है। सीएम को शर्म नहीं आती, बिल में छुपे बैठे हैं।’

Input: Live Hindustan

Muzaffarpur Now – Bihar’s foremost media network, owned by Muzaffarpur Now Brandcom (OPC) PVT LTD

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *