मुंगेर. बिहार विधानसभा की दो सीटों पर हो रहे उपचुनाव के लिए हो रहे चुनाव प्रचार में लंबे समय के बाद राष्ट्रीय जनता दल के अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव ने मुंगेर के तारापुर पहुंचे. ईदगाह मैदान में चुनावी सभा को संबोधित करते हुए वे अपने उसी पुराने अंदाज में नजर आए, जिसके लिए लालू यादव जाने जाते हैं. चॉपर से जैसे ही लालू यादव चुनावी मैदान में पहुंचे और अपने दोनों हाथों को उठाकर लोगों का अभिवादन किया तो भीड़ बेक़ाबू हो गई और बैरिकेटिंग को तोड़ मंच के नजदीक पहुंच गई. लालू यादव ने भीड़ को समझाने की पूरी कोशिश की, लेकिन भीड़ थी कि लालू यादव की एक झलक पाना चाहती थी. तेजस्वी यादव भी लोगों को समझाने की कोशिश करते दिखे, लेकिन भीड़ थी कि मानती ही नहीं थी. राजद सुप्रीमो लंबे समय के बाद जनता के बीच भाषण दे रहे थे.

लालू यादव ने मंच पर पहुंचते ही सबसे पहले कहा कि मैं जनता को प्रणाम करने आया हूं. ये लड़ाई सरकार और जनता के बीच में है. लोकशाही के सामने कोई टिका नहीं है. लोगों से अपील की कि एकजुट होकर वोट कीजिए. इसके बाद लालू यादव ने नीतीश कुमार को निशाने पर ले लिया और कहा कि ने तेजस्वी ने नीतीश का कचूमर निकाल दिया है, हम विसर्जन कर देंगे.

लालू यादव ने कहा कि नीतीश कुमार की हमने कई बार मदद की, लेकिन वह किसी के नहीं हैं. नीतीश पलटूराम हैं. लालू ने कहा नीतीश कह रहे हैं लालू जान मरवा देगा. लालू यादव का यही काम है? लालू ने नीतीश कुमार पर चुटकी लेते हुए कहा कि नीतीश कहते हैं लालू गोली मरवा देंगे. अरे हम काहे मारेंगे? तुम खुद ही मर जाओगे. दरअसल नीतीशकुमार डर गए हैं.

इसके बाद लालू यादव ने ठेठ देसी अंदाज में भीड़ को एक देहाती कहावत कहकर उत्साहित किया. लालू ने कहा लागल लागल झूलनिया में धक्का बलम परदेसी हो. लालू का यह कहना था कि भीड़ उत्साहित हो गई. इसके बाद लालू यादव ने नीतीश कुमार पर चुटकी लेते हुए कहा कि जैसे लाल कपड़ा देख सांड भड़कता है वैसे ही जनता देख नीतीश भड़कते हैं.

लालू ने कहा हमने लाल कृष्ण आडवाणी को गिरफ्तार किया. हमने कभी संप्रदायिकता से समझौता नहीं किया है. नीतीश RSS के गोद में खेल रहे हैं. लालू ने कहा नीतीश बोलते थे मिट्टी में मिल जाऊंगा, भाजपा के साथ नहीं जाऊंगा. लालू ने इसके बाद कें केंद्र की सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि रेल बेच दिया है. पंद्रह लाख के वादा का क्या हुआ?

लालू ने कहा तेजस्वी यादव को बिहार की जनता ने CM बना दिया, लेकिन धोखा से सरकार बना लिया. उस वक्त मैं जेल में था, अगर बाहर रहता तो ऐसा नहीं होता. तारापुर के JDU उम्मीदवार पर निशाना साधते हुए कहा कि बम चलाता है JDU का उम्मीदवार, लेकिन अगर किसी ने राजद समर्थक को किसी ने धमकाया तो ठीक नहीं होगा.
लालू ने शराबबंदी पर चुटकी लेते हुए कहा कि बिहार में चूहा शराब पी लेता है. इस सरकार का हाल ये है कि कोई इधर खींच रहा है कोई उधर. नीतीश के राज में कुछ नहीं मिल रहा है. सरकार का हाल बेहाल है. हमें जातिगत जनगणना की लड़ाई छेड़नी है.
Source : News18
(मुजफ्फरपुर नाउ के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)




