सरायरंजन थाना क्षेत्र की झखड़ा पंचायत स्थित कबरा चौर के समीप रामचंद्रपुर से झखड़ा जाने वाली खरंजा सड़क पर सोमवार देर शाम अपराधियों ने एक युवती की गोली मारकर हत्या कर दी। घटना को अंजाम देने के बाद अपराधी फरार हो गए। संवाद प्रेषण तक मृतका की पहचान नहीं हो पाई थी। पुलिस भी घटनास्थल पर नहीं पहुंची थी।

हालांकि थानाध्यक्ष राजा ने बताया कि हत्या की घटना की सूचना मिलने पर पुलिस को भेजा गया है। इस संबंध में स्थानीय ग्रामीणों ने बताया कि देर शाम करीब 9 बजे उक्त युवती एक बाइक पर किसी युवक के साथ जा रही थी। उसके पीछे दो बाइकें चल रही थीं। उक्त बाइक पर सवार युवकों की ग्रामीण पहचान नहीं कर सके।

कुछ देर बाद उक्त रास्ते से घर लौट रहे कुछ ग्रामीण की सड़क पर गिरी युवती की लाश पर नजर पड़ी। उसके बाद अन्य ग्रामीणों को घटना की जानकारी दी। जिसके बाद स्थानीय जनप्रतिनिधि व ग्रामीणों की घटनास्थल पर भीड़ उमड़ गई। ग्रामीणों ने बताया कि युवती के सिर में गोली लगी है। लाश के पास एक खोखा भी जमीन पर गिरा हुआ था।

युवती ब्लू रंग की जींस और काली टी-शर्ट पहने हुई थी। उसके हाथ पर मेहंदी भी लगी हुई थी। ग्रामीणों ने बताया गया कि युवती के हाथ पर मेहंदी से अंकित झा लिखा हुआ है। इस घटना की ग्रामीणों द्वारा सूचना देने के बाद भी रात 10.30 बजे तक पुलिस घटनास्थल पर नहीं पहुंच सकी थी। पूछने पर यही बताया कि पुलिस घटनास्थल पर पहुंच रही है।
Input: live hindustan





