इंडियन मेडिकल एसोसिएशन के निर्वाचित राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. सहजानंद प्रसाद सिंह ने रविवार को घोषणा की कि एसोसिएशन हर जिले में अस्पताल खोलेगा। इन अस्पतालों में गरीब मरीजों का इलाज होगा। पटना से इसकी शुरुआत की जाएगी। इसका स्वरूप तय किया जा रहा है। कहा, संगठन देशभर में यह आह्वान करेगा कि वह जिले में अस्पताल खोले। इसके अलावा डॉक्टरों से महीने में एक बार गांव जाकर इलाज करने तथा हर दिन 5 मरीजों की मुफ्त इलाज करने की अपील की जाएगी। वे रविवार को आईएमए हॉल में इंडियन मेडिकल एसोसिएशन के 96वें राष्ट्रीय अधिवेशन तथा आईएमए केंद्रीय परिषद की 82वीं वार्षिक बैठक को लेकर आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में बोल रहे थे।

आईएमए का राष्ट्रीय अधिवेशन 26-28 दिसंबर तक
आईएमए का 96वां राष्ट्रीय अधिवेशन तथा आईएमए केंद्रीय परिषद की 82वीं बैठक 26, 27 तथा 28 दिसंबर को आयोजित होने जा रहा है। इसमें निर्वाचित राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. सहजानंद प्रसाद सिंह, डॉ. जेए जयालाल से राष्ट्रीय अध्यक्ष का पदभार ग्रहण करेंगे। अधिवेशन का उद्घाटन 28 दिसंबर की शाम 4 बजे मुख्यमंत्री नीतीश कुमार करेंगे। उद्घाटन समारोह में आईएमए के मुख्य संरक्षक डॉ. केतन देसाई, बिहार विधानसभा अध्यक्ष विजय कुमार सिन्हा, बिहार विधानपरिषद के सभापति अवधेश नारायण सिंह, शिक्षा मंत्री विजय कुमार चौधरी तथा स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय ने उपस्थिति की सहमति दी है।

तीन हजार डॉक्टरों ने कराया रजिस्ट्रेशन
इस अधिवेशन के लिए देश विदेश से 3 हजार डॉक्टरों ने रजिस्ट्रेशन कराया है। अधिवेशन के पहले 26 दिसंबर को आईएमए जूनियर नेटवर्क द्वारा जेडीएन संसद, नव चिकित्सकों के वैज्ञानिक प्रकृति के विकास के लिए कार्यशाला, फ्री पेपर एवं पोस्टर प्रतियोगिता का आयोजन किया गया है। फ्री पेपर में 20 और पोस्टर में 35 प्रतिभागी शामिल होंगे। 27 व 28 दिसंबर को आईएमए राष्ट्रीय परिषद की बैठक होगी तथा 100 से ज्यादा वैज्ञानिक विषयों पर चर्चा होगी।
(मुजफ्फरपुर नाउ के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)






