पटनाः बिहार विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष और कांग्रेसी के वरिष्ठ नेता रह चुके सदानंद सिंह के बेटे शुभानंद मुकेश रविवार को जेडीयू का दामन थाम लिया. शुभानंद मुकेश, कांग्रेस नेता शंभु सिंह पटेल और प्रयाग सिंह कुशवाहा ने एक अणे मार्ग में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से मुलाकात की. इस दौरान नीतीश कुमार ने पार्टी में शामिल होने पर सबका स्वगात किया. मौके पर जेडीयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह, जल संसाधन मंत्री संजय झा, जेडीयू के प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा सहित अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद थे.

काफी दिनों से थी कांग्रेस छोड़ने की चर्चा
रविवार को जेडीयू ज्वाइन करने से पहले कई दिनों से यह चर्चा थी कि शुभानंद मुकेश कांग्रेस को अलविदा कहने वाले हैं. वरिष्ठ कांग्रेसी नेता सदानंद सिंह जब बीमार थे उसी समय कांग्रेस के नेताओं के व्यवहार को लेकर शुभानंद ने असंतोष जताया था. सदानंद सिंह पटना के एक निजी अस्पताल में भर्ती थे. उसी समय शुभानंद ने कहा था कि कांग्रेस के बड़े से बड़े नेता ने भी उनकी मदद नहीं की और ना ही कोई देखने आया था. इस बात की जानकारी नीतीश कुमार को लगी तो उन्होंने दिल्ली से लेकर पटना तक इलाज की व्यवस्था की थी.

सीएम नीतीश कुमार के काम से प्रभावित
बताया जाता है कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के काम से प्रभावित होकर शुभानंद सिंह ने जेडीयू का दामन थामा है. कांग्रेस ने शुभानंद मुकेश को पार्टी विरोधी गतिविधि की वजह से छह साल के लिए निलंबित कर दिया था. शुभानंद कहलगांव से विधानसभा चुनाव लड़ चुके हैं. उनके पिता सदानंद सिंह का प्रभाव भागलपुर में काफी माना जाता रहा है. ऐसे में उनके बेटे के जेडीयू में आने से कांग्रेस को झटका लग सकता है.
Source : ABP News
(मुजफ्फरपुर नाउ के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)






