बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के पुराने दोस्त और इंजीनियरिंग कॉलेज के उनके साथी नरेंद्र कुमार सिंह ने उनसे एक अनुरोध किया है। नरेंद्र सहरसा के महिषी प्रखंड अंतर्गत मैना गांव के रहने वाले हैं। पिछले कई सालों से मैना गांव में स्थित उप स्वास्थ्य केंद्र बंद पड़ा हुआ है और खंडहर में तब्दील हो गया है। इस स्वास्थ्य केंद्र पर न तो डॉक्टर और नर्स आते हैं और न ही लोगों को दवाईयां मिलती हैं।

नरेंद्र कुमार ने अपने इलाके में बंद पड़े स्वास्थ्य केंद्र को लेकर अपने कॉलेज के दोस्त और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से पत्र लिखकर अनुरोध किया है कि वह इस मामले में हस्तक्षेप करें। साथ ही गांव समेत बिहार के जितने भी स्वास्थ्य केंद्र बंद पड़े हैं उन्हें चालू कराया जाए। देखरेख के अभाव में उनके यहां स्थित स्वास्थ्य केंद्र के भवन की दीवारों में दरारें आने लगी हैं। छत का कुछ हिस्सा भी टूट चुका है।

बंद पड़े इस स्वास्थ्य केंद्र के कमरों में सरकारी दस्तावेज, टूटी-फूटी कुर्सियां और टेबल पड़े हैं। इसकी हालत इतनी खराब है कि परिसर में पेड़-पौधे तक उग चुके हैं। स्थानीय लोगों की मानें तो यहां से सांप और बिच्छू भी निकलते हैं। यही वजह है कि सीएम के दोस्त ने उन्हें पत्र लिखकर इसे शुरू करवाने का अनुरोध किया है। बता दें कि नीतीश कुमार और नरेंद्र कुमार ने पटना के इंजीनियरिंग कॉलेज से एक साथ पढ़ाई की है।

Input: live hindustan

Muzaffarpur Now – Bihar’s foremost media network, owned by Muzaffarpur Now Brandcom (OPC) PVT LTD

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *