बिहार में कोरोना वैक्सीन लेने वालों के लिए बड़ी खुशखबरी है। पटना का जिला प्रशासन ऐसे लोगों को बाइक, स्कूटी, स्मार्टफोन और प्रेशर कूकर गिफ्ट के तौर पर देगा। प्रशासन ने टीके की दूसरी डोज को बढ़ावा देने के लिए यह फैसला लिया है। कोविड-19 वैक्सीनेशन की गति को तेज करने तथा शत-प्रतिशत टीकाकरण लक्ष्य को हासिल करने के लिए पटना जिला प्रशासन ने लकी ड्रा आयोजित किया है। वैक्सीन की दोनों डोज लेने वालों को जिला प्रशासन की ओर से पहले पुरस्कार के रूप में बजाज पल्सर बाइक देने की घोषणा की गई है। प्रतिभागी 8 नवंबर से 26 नवंबर के बीच कोविड-19 की दूसरी डोज लेकर लकी ड्रा में शामिल हो सकते हैं। 28 नवंबर 2021 को लक्की ड्रा का परिणाम घोषित किया जाएगा।

- प्रथम पुरस्कार के रूप में बजाज पल्सर बाइक /होंडा एक्टिवा
- द्वितीय पुरस्कार के रूप में 32 इंच का एलइडी टीवी
- तृतीय पुरस्कार के रूप में एंड्रायड मोबाइल फोन
- सांत्वना पुरस्कार के रूप में प्रेशर कुकर

जिलाधिकारी डा.चंद्रशेखर सिंह ने कहा कि जिसने अभी तक सेकेंड डोज नहीं लिया है वे अविलंब अपने निकटतम केंद्र पर टीका ले तथा लकी ड्रा का योग्य प्रतिभागी बनकर लाभ उठाया जा सकता है।

लकी ड्रा में भाग लेने के लिए प्रक्रिया
प्रत्येक योग्य प्रतिभागी को कोविन/ आरोग्य सेतु एप डाउनलोड करना है तथा खुद को निबंधित करना है। लकी ड्रा से लाभान्वित होने के लिए 26 नवंबर 2021 से पूर्व कोविड-19 का दूसरा टीका अवश्य लेना होगा। प्रतिभागी को अर्हता तिथि 8 नवंबर 2021 को 18 वर्ष का होना चाहिए। अधिकृत कोविड वैक्सीनेशन केंद्र के माध्यम से लकी ड्रॉ के लिए अपना नाम, पता, मोबाइल नंबर रजिस्टर कराना होगा। वैध पहचान पत्र के रूप में पासपोर्ट/ आधार /पैन/ वोटर आईडी कार्ड/ ड्राइविंग लाइसेंस की कापी देनी होगी।

एयरपोर्ट पर टीकाकरण सह जांच केन्द्र खुला
जिलाधिकारी डा.चंद्रशेखर सिंह ने जयप्रकाश नारायण अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर कोविड टीकाकरण सह जांच केन्द्र का उद्घाटन किया। इस मौके पर जिलाधिकारी ने कहा कि यह केन्द्र 24 घंटे कार्य करेगा। टेस्टिंग एवं टीकाकरण की प्रक्रिया को वर्तमान में स्वैच्छिक रखा गया है। इस कार्यक्रम में विनायक मिश्र, केयर इंडिया के टीम लीडर मानसून मोहंती सहित कई अन्य अधिकारी उपस्थित थे।
Source : Dainik Jagran
(मुजफ्फरपुर नाउ के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)




