लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान ने बिहार विधान परिषद चुनाव अपने दम पर लड़ने की बात कही है. रविवार को पटना (Patna) पहुंचने पर उन्होंने कहा कि हम कई सीटों पर चुनाव लड़ेंगे, और इसकी घोषणा जल्द की जाएगी. वहीं, उन्होंने एनडीए (NDA) गठबंधन में हुई सीट शेयरिंग पर कहा कि जिस तरीके से दो घटक दलों (वीआईपी और हम) की अनदेखी की गई है उससे यह लग रहा है कि कहीं न कहीं एनडीए में सब कुछ ठीक नहीं है.

चिराग ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर तंज कसते हुए कहा कि 50-50 के फॉर्मूले पर काम करने वाले नीतीश कुमार की पार्टी को ग्यारह सीटें मिली हैं. इससे यह स्पष्ट होता है कि उनको झुकाया जा रहा है, और उनका वर्चस्व भी कम हो रहा है. एलजेपी सांसद ने कहा कि बिहार में तीसरे नंबर की पार्टी से शराबबंदी कानून नहीं संभल रहा है. नीतीश सरकार से नहीं संभल रहा है. उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार को बिहार में राष्ट्रपति शासन लगाकर यहां मध्यावधि चुनाव कराना चाहिए ताकि नये सिरे से जनता सरकार चुन सके.

शराबबंदी अभियान में शिक्षकों को लगाये जाने के मुद्दे पर चिराग पासवान ने सवाल उठाया. उन्होंने कहा कि शिक्षकोंं को इसमें क्यों लगाया जा रहा है. पता नहीं उन्हें कुछ और क्यों नहीं दिखता है, राज्य में कई और काम हैं. उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री खुद एसी और हीटर में बैठ कर कुछ से कुछ निर्णय लेते हैं. शराबबंदी कानून को हौआ बनाकर रखा गया है. एक छोटा सा कानून इनसे नहीं संभल रहा तो यह बिहार को क्या चलाएंगे. हम लोग शुरू से कह रहे हैं कि नीतीश कुमार अब बेअसर हो गए हैं. अब इनसे कुछ होने वाला नहीं है.
Source : News18







