पटना में जिम ट्रेनर के ऊपर फायरिंग के मामले में केस दर्ज होने के बाद डॉ राजीव सिंह और उसकी पत्नी खुशबू सिंह को पुलिस ने हिरासत में लिया है. खबर के मुताबिक डॉ राजीव सिंह और उसकी पत्नी खुशबू सिंह को पुलिस ने बुधवार को देर शाम पूछताछ के लिए फिर से बुलाया और रातभर इन दोनों से लंबी पूछताछ की गई है.

इन दोनों को पटना के महिला थाने में रखा गया है और वहीं पर पटना पुलिस के बड़े अधिकारियों ने उनसे लंबी पूछताछ की है. जिम ट्रेनर विक्रम सिंह के ऊपर फायरिंग के बाद इन दोनों के ऊपर केस दर्ज किया गया था. शनिवार को फायरिंग की घटना के बाद भी पुलिस ने इन्हें दिनभर पूछताछ के लिए अपने पास रखा था और एक बार फिर बीती रात इन्हें पुलिस ने बुलाया है.

हालांकि अब तक के इस मामले में पुलिस की तरफ से कोई अधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है लेकिन माना जा रहा है कि पुलिस जल्द ही विक्रम पर फायरिंग के मामले में बड़ा खुलासा कर सकती है.

इस मामले में डॉक्टर की पत्नी और जिम ट्रेनर के बीच 1100 बार कॉल करने का रिकॉर्ड आया तो मामला चर्चित हो गया. बुधवार को डॉक्टर पति ने फेसबुक पर इस मामले में अपनी बात कहते हुए 1100 कॉल के बारे में खुलासा किया कि इसका क्या मतलब हो सकता है.
राजीव सिंह ने फेसबुक पर अपनी बात रखते हुए कहा, “एक 2 दिनों से लगातार मेरे शुभचिंतक लोग मुझे कह रहे हैं कि सर, आप कुछ कह नहीं कह रहे हैं. सोशल मीडिया पर कुछ बोल नहीं रहे तो मैं आपको यह बता देना चाहता हूं कि यह पुलिस का इन्वेस्टिगेशन है और वह लोग कर रहे हैं. मुझे उन पर पूरा भरोसा है कि वो लोग अच्छा निर्णय लेकर आएंगे.”

फेसबुक पर बात करते हुए यह भी लिखा, “1100 कॉल, यह किसी महिला या पुरुष का चरित्र का निर्णय नहीं करता, लॉकडाउन के समय मैक्सिमम लोग घर में ही अपनी ट्रेनिंग लेते थे फ़ोन हो या वीडियो कॉल से. 9 महीने ट्रेनिंग में 1100 कॉल मतलब 5 कॉल डेली.

मेरे घर में 4 लोग तो 4 बार फ़ोन तो ऐसे ही आएगा. रही बात नजदीकी की तो कोई भी अगर एक साल से घर आ रहा तो एक फैमिली जैसा रिश्ता हो जाता है. आपके घर कोई नौकरी कर रहा, वह क्या सोच के आया है, उसके मन में क्या चल रहा, यह कोई कैसे जानेगा की वह आपको सपोर्ट करने आया है या बर्बाद.”
Source : Before Print
हेलो! मुजफ्फरपुर नाउ के साथ यूट्यूब पर जुड़े, कोई टैक्स नहीं चुकाना पड़ेगा 😊 लिंक 👏




