लखीसराय. बिहार में एक तरफ जहां शराबबंदी को लेकर सियासत चरम पर है, तो वहीं दूसरी तरफ तस्कर शराब तस्करी से बाज नहीं आ रहे हैं. झारखंड के गिरीडीह से बिहार के जमुई जिला होते हुए टाटा 407 पर मछली के अंदर छुपाकर लखीसराय लाई जा रही शराब की बड़ी खेप को तेतरहाट पुलिस ने नोनगढ़ चेक पोस्ट के समीप जब्त कर लिया. तेतरहाट पुलिस ने नोनगढ़ चेक पोस्ट के टाटा -407 पर मछली के केरैट के अंदर से सौ कार्टन कुल 2400 विदेशी शराब की बोतलें बरामद की. साथ ही दो धंधेबाज को भी गिरफ्तार किया.

दोनों धंधेबाज संतोष मंडल और राजू पंडित झारखंड के गिरिडीह जिले के ताराहाट थाना इलाका के रहने वाले हैं. बरामद शराब की कीमत लाखों में बतायी जा रही है. फिलहाल पुलिस गिरफ्तार धंधेबाजों से पूछताछ कर आगे की जांच में जुटी है.

क्या कहते हैं एसडीपीओ
एसडीपीओ रंजन कुमार ने बताया कि तेतरहाट थाना पुलिस नोनगढ चेकपोस्ट पर सघन वाहन अभियान चला रही थी. चेकिंग अभियान के दौरान झारखंड की तरफ से आ रही टाटा 407 की जब तलाशी ली तो मछली के अंदर कैरेट में रखी एक सौ कार्टन विदेशी शराब के साथ दो धंधेबाज को गिरफ्तार किया. कई कैरैट मछली भी बरामद की गई.पुलिस गिरफ्तार दोनों कारोबारियों से पूछताछ कर अन्य कारोबारियों की तलाश में जुटी है.

एसडीपीओ रंजन कुमार ने बताया कि गिरीडीह के आजाद नगर स्थित एक लाइन होटल से लादकर लखीसराय बाइपास रोड में डिलीवरी की बात कही जा रही है. फिलहाल पुलिस शराब की डिलीवरी किसे देना है उसके बार में पता लगाने मे जुटी है. आगे भी शराब कारोबारियों के खिलाफ पुलिस लगातार कार्रवाई करती रहेगी.
Source : News18






