बिहार की राजधानी पटना और देश की राजधानी दिल्ली के बीच सड़क का फासला अब काफी कम होने वाला है। बक्सर से यूपी के गाजीपुर जिले में हैदरिया तक बनने वाले नए हाइवे से होकर लोग ट्रेन से भी पहले रोड के जरिये दिल्ली पहुंच जाएंगे। बक्सर से दो नए हाइवे को मंजूरी मिली है, जबकि एक नए हाइवे का प्रस्ताव राज्य सरकार ने केंद्र को भेज दिया है। इन सड़कों के बन जाने पर बिहार के भोजपुर, रोहतास जिले के बड़े हिस्से, पटना, जहानाबाद, अरवल, बिहारशरीफ समेत कई जिलों के लोगों को काफी फायदा होगा। बक्सर के सांसद और केंद्रीय उपभोक्ता मामले, खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण, पर्यावरण, वन व जलवायु परिवर्तन राज्यमंत्री अश्विनी कुमार चौबे ने बताया कि केवल 17 किलोमीटर लंबी बक्सर-हैदरिया सड़क को फोर लेन बना दिए जाने से पटना से दिल्ली की दूरी महज 10 से 12 घंटे में ही तय हो जाएगी। इस सड़क को एनएचएआइ और राज्य सरकार से मंजूरी मिल गई है। इसके अलावा बक्सर से चौसा के रास्ते वाराणसी तक हाइवे को भी मंजूरी मिल गई है।

बक्सर से गुजरेंगे और भी कई हाइवे
खास बात यह है कि बक्सर से पटना फोर लेन हाइवे का काम लगभग पूरा होने वाला है। इसके अलावा बिहार सरकार ने बक्सर से अरवल और जहानाबाद होते हुए बिहारशरीफ तक एक हाइवे की योजना बनाकर केंद्रीय मंत्रालय को भेजी है। फिलहाल बक्सर से डुमरांव-मलियाबाग-बिक्रमगंज- डेहरी रोड, बक्सर- धनसोईं- दिनारा रोड, बक्सर – चौसा- कोचस रोड, चौसा -मोहनिया रोड समेत कई स्टेट हाइवे भी गुजर रहे हैं। इन सभी योजनाओं के पूरा होने पर बक्सर, बिहार और यूपी के बीच एक महत्वपूर्ण रोड जंक्शन बन जाएगा।
केंद्रीय मंत्री अश्विनी चौबे ने बिहार के चार नए राष्ट्रीय राजमार्ग बनने के भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) के प्रस्ताव पर राज्य सरकार द्वारा मंजूरी मिलने पर प्रसन्नता व्यक्त की है। इनमें से दो नए राष्ट्रीय मार्ग संसदीय क्षेत्र से संबंधित है। इस संबंध में स्थानीय सांसद सह केंद्रीय राज्यमंत्री अश्विनी चौबे ने केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री एवं राज्य सरकार का ध्यान आकर्षित कराया था। बक्सर-हैदरिया व बक्सर-वाराणसी फोरलेन के निर्माण के प्रस्ताव को हरी झंडी मिलने पर उन्होंने केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री एवं मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया है। इन फोरलेन के निर्माण से पटना से वाराणसी व दिल्ली की दूरी काफी कम हो जाएगी। यातायात काफी सुगम हो जाएगा। आसपास लोगों को आने-जाने में काफी कम समय लगेगा।
उत्तर प्रदेश में लखनऊ से हैदरिया तक पूर्वांचल एक्सप्रेस वे का निर्माण कार्य अंतिम चरण में है। पूर्वांचल एक्सप्रेस वे से बक्सर की सम्पर्कता सुनिश्चित करने के लिए 17 किमी लंबी बक्सर-हैदरिया सड़क को फोरलेन बनाया जाएगा। इस सड़क के बनने से राजधानी पटना का दिल्ली तक चार व छह लेन से सीधा संपर्क हो जाएगा। अभी पटना से दिल्ली की दूरी 18-20 घंटे में होती है जो घटकर 10-12 घंटे हो जाएगी। बक्सर-वाराणसी यह नई सड़क होगी। पटना से बक्सर के रास्ते वाराणसी तक सुगम आवागमन के उद्देश्य से बक्सर-चौसा-वाराणसी नए फोरलेन पथ के एलाइनमेंट पर सहमति प्रदान की गई। इस एलाइनमेंट का 29 किमी हिस्सा बिहार में पड़ता है तो 62 किमी हिस्सा उत्तर प्रदेश में पड़ता है। इसके बन जाने से पटना से वाराणसी की दूरी मात्र 225 किमी रह जाएगी। जो पटना-मोहनियां-वाराणसी की तुलना में लगभग 30 किमी कम हो जाएगी।
Source : Dainik Jagran





