राज्य पुलिस मुख्यालय ने ड्यूटी के दौरान पुलिस पदाधिकारियों व कर्मियों द्वारा मोबाइल फोन के बेवजह इस्तेमाल पर रोक लगा दी है। पुलिसकर्मियों द्वारा ड्यूटी के दौरान मोबाइल फोन से मनोरंजन किए जाने की शिकायत के बाद मुख्यालय ने यह कदम उठाया है। डीजीपी एस. के.सिंघल ने इस बाबत आदेश जारी कर दिया है। डीजीपी ने कहा है कि विशेष परिस्थिति को छोड़ कर पुलिस पदाधिकारी व कर्मी द्वारा ड्यूटी के दौरान मोबाइल फोन का इस्तेमाल नहीं किया जाएगा। ड्यूटी के दौरान अगर मोबाइल फोन पर सोशल मीडिया से जुड़ कर मनोरंजन करते पाए गए तो उनके खिलाफ अनुशासनिक कार्रवाई होगी।

डीजीपी ने सभी एसएसपी, एसपी व कमांडेंट को आदेश दिया है कि वे अपने अधीनस्थों को इस बारे में निर्देश दें। इसके उल्लंघन को अनुशासनहीनता मानते हुए करवाई भी करें। डीजीपी ने अपने आदेश में कहा है कि विधि व्यवस्था, वीआईपी सुरक्षा, ट्रैफिक व्यवस्था, चौक चौराहों आदि महत्वपूर्ण पोस्टों पर ड्यूटी के दौरान पुलिस पदाधिकारियों व कर्मियों को सजग रहना पड़ता है। ऐसे मामले सामने आए हैं कि पुलिस पदाधिकारी व कर्मी ड्यूटी के दौरान ही अनावश्यक रूप से मोबाइल व इलेक्ट्रॉनिक उपकरण का इस्तेमाल करते हैं। इस कारण सुरक्षा और दूसरे कई कार्य बाधित होते हैं। समय की बर्बादी भी होती है।

इससे पुलिस कर्मियों का भटकता है ध्यान, जनता में छवि खराब होती है
ड्यूटी के दौरान मोबाइल का अनावश्यक उपयोग एवं सोशल मीडिया से जुड़कर अपना व्यक्तिगत मनोरंजन करने से कर्मियों का ध्यान अपनी ड्यूटी से भटक जाता है जिससे इनकी कार्यक्षमता एवं दक्षता में काफी कमी आती है। साथ ही इस प्रकार का कृत्य अनुशासनहीनता का भी परिचायक है। ऐसा करने से आम जनता के बीच पुलिस की छवि धूमिल तो होती ही है, मीडिया द्वारा भी ऐसे मामलों को प्रकाश में लाया जाता है जिससे राज्य पुलिस की छवि पर नकारात्मक प्रभाव पड़ता है।
Input: dainik bhaskar





