राज्य के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से नेपाल एवं गंडक नदी के जलग्रहण क्षेत्रों में पिछले 24 घंटे से भारी बारिश के मद्देनजर उच्चस्तरीय बैठक की. बैठक में जल संसाधन विभाग के सचिव संजीव हंस ने बताया कि नेपाल एवं गंडक नदी के जलग्रहण क्षेत्र में हो रही भारी वर्षापात के कारण गंडक नदी के जलश्राव (डिस्चार्ज) एवं नदी के जलस्तर में काफी वृद्धि होने की संभावना है. इसे लेकर विभाग पूरी तरह मुस्तैद है.

बैठक में मुख्यमंत्री ने भारी वर्षापात एवं संभावित बाढ़ की स्थिति को देखते हुये आपदा प्रबंधन विभाग, जल संसाधन विभाग एवं सभी संबंधित जिलाधिकारियों को पूरी तरह अलर्ट में रहने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि मौसम पूर्वानुमान एजेंसियों के माध्यम से प्राप्त सूचना के आधार पर भारी बारिश की संभावना को देखते हुये आपदा प्रबंधन विभाग को पूरी तरह अलर्ट रहे.

उन्होंने आगे कहा कि तटबंधों के निकट रहने वाले लोगों के बीच माइकिंग के जरिये इसका विशेष रूप से प्रचार-प्रसार कराया जाये ताकि निष्क्रमण की कार्रवाई त्वरित गति से हो सके.मुख्यमंत्री ने जल संसाधन विभाग को निर्देश दिया है कि जल संसाधन विभाग अपने सभी अभियंताओं को आक्रमण्य स्थलों पर पूरी तरह अलर्ट रखें ताकि तटबंधों की सुरक्षा की निगरानी की जा सके. जिलों में पूर्व से प्रतिनियुक्त एनडीआरएफ एवं एसडीआरएफ की टीमों को भी पूरी तरह अलर्ट मोड में रखा जाय ताकि किसी भी प्रतिकूल स्थिति में त्वरित कार्रवाई की जा सके.
Input: zee media






