नालंदा. नालन्दा पुलिस को अपराध की घटना को रोकने की कड़ी में अहम कामयाबी मिली है. पुलिस ने एक ऐसे डकैत गिरोह का खुलासा किया है जो काफी पढ़ा लिखा है. इस गिरोह में मर्चेंट नेवी का इंजीनियर से लेकर आईटीआई का छात्र तक शामिल हैं. बिहारशरीफ के बिहार थाना क्षेत्र के गढ़ पर मोहल्ले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मुम्बई में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे एक मर्चेंट नेवी के एरोनोटिकल इंजीनियर, एक आईटीआई छात्र समेत कुल 05 डकैतों को गिरफ्तार कर लिया.

गिरफ्तार डकैतों के पास से पुलिस को हथियार, आभूषण भी मिले हैं. गिरफ्तार डकैतों के पास से एक देशी कट्टा, दो जिंदा कारतूस, 14 मोबाईल, एक अंगूठी, लूट में प्रयुक्त एक बाइक समेत अन्य समान बरामद किया गया. डीएसपी सदर डॉ शिब्ली नोमानी ने बताया कि बिहार थाना क्षेत्र के नईसराय निवासी मर्चेंट नेवी में एरोनोटिकल इंजीनियर प्रशिक्षु रोहित राज और शकुन्तला निवासी आईटीआई छात्र जीतू कुमार के साथ साथ मो इमरान, गोलू कुमार, आदित्य कुमार को गिरफ्तार किया गया है.

डीएसपी के नेतृत्व में पुलिस ने की कार्रवाई
गिरफ्तार इंजीनियर रोहित राज मुंबई में शिप में मर्चेंट नेवी में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहा है. डीएसपी डॉ शिब्ली नोमानी में बताया कि गिरफ्तार रोहित राज ने स्वीकार किया है कि जुआ खेलने के दौरान वो काफी पैसे हार गया था, जिसकी भरपाई करने के लिए वह डकैती की घटना में शामिल हो गया है जबकि आईआईटी छात्र जीतू कुमार दीपनगर के माया देवी कालेज में द्वितीय वर्ष की छात्र है. वो भी कम समय मे अधिक पैसे कमाने लालच में आकर इस तरह की धंधे में शामिल हो गया.

पटना के पाल ज्बेलर्स दुकान में दे चुका है लूट की घटना की अंजाम
डीएसपी डॉ शिब्ली नोमानी ने बताया कि गिरफ्तार सभी डकैतों ने पटना के शास्त्रीनगर थाना के पाल ज्वेलर्स दुकान में 05 अक्टूबर को लूट की घटना को अंजाम दिया था जिसके बाद फिर से बिहारशरीफ के गढ़ पर मोहल्ले में एकत्रित होकर सभी घटना को अंजाम देने में जुटे हुए थे जिसकी भनक लगते ही पुलिस ने कारवाई कर सभी को हथियार के साथ गिरफ्तार कर लिया.
Source : News18
हेलो! मुजफ्फरपुर नाउ के साथ यूट्यूब पर जुड़े, कोई टैक्स नहीं चुकाना पड़ेगा 😊 लिंक 👏





