मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की अध्यक्षता में आज वीडियो काॅन्फ्रेंसिंग के माध्यम से ग्रामीण कार्य विभाग की समीक्षा बैठक की. इस दौरान ग्रामीण कार्य विभाग के सचिव पंकज कुमार पाल ने प्रस्तुतीकरण के माध्यम से ग्रामीण पथों के अनुरक्षण कार्य की अद्यतन स्थिति की जानकारी दी.

उन्होंने प्रस्तुतीकरण के दौरान प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना, राज्य योजना एवं राज्य पूरक कोर नेटवर्क के अनुसार बसावटों की संपर्कता की अद्यतन स्थिति, योजनावार ग्रामीण सड़कों के निर्माण की अद्यतन स्थिति, छूटे हुये बसावटों/टोलों की विवरणी, ग्रामीण पथ अनुरक्षण कार्यक्रम, अनुरक्षण की कार्य योजना के संबंध में विस्तृत जानकारी दी.बैठक के दौरान मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि सड़कों का बेहतर निर्माण करने के साथ-साथ उसका ठीक ढ़ंग से रखरखाव करना भी हमलोगों का उद्देश्य है सड़कों की मेंटेनेंस पॉलिसी को लोक शिकायत निवारण अधिकार अधिनियम के दायरे में लाया गया है ताकि सड़कों के रखरखाव संबंधी लोगों की शिकायतों का निवारण हो सके.

उन्होंने कहा कि ग्रामीण सड़कों का निरीक्षण कार्य ठीक ढंग से हो, इसके लिये सड़कों का मेनटेनेंस विभाग द्वारा ही करायें. विभागीय स्तर पर चीफ इंजीनियर से लेकर जूनियर इंजीनियर तक निरीक्षण कार्य पूरे मनोयोग के साथ करें. अनुरक्षण कार्य की गुणवत्ता सुनिश्चित करें. विभाग के द्वारा अनुरक्षण कार्य कराये जाने से खर्च में भी कमी आयेगी और कार्य की गुणवत्ता भी बढ़ेगी. बड़ी संख्या में लोगों को रोजगार भी मिलेगा. उन्होंने कहा कि जिन पथों के 5 वर्षीय मेनटेनेंस की जिम्मेवारी संवेदकों को दी गयी है उनकी भी सतत् निगरानी करते रहें. इंजीनियर एवं वरीय पदाधिकारी फील्ड विजिट करते रहें ताकि सड़कों के मेनटेनेंस को लेकर किसी प्रकार की लापरवाही न हो.

मुख्यमंत्री ने कहा कि लोगों को सुलभ संपर्कता प्रदान करने के लिए सरकार लगातार काम कर रही है. हर गांव और हर टोले को सड़क से जोड़ा जा रहा है। उन्होंने कहा टोला/बसावटों को संपर्कता प्रदान करने के लिए तेजी से काम करें ताकि कोई टोला/बसावट छूटे नहीं. प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना, मुख्यमंत्री ग्राम संपर्क योजना तथा ग्रामीण टोला संपर्क निश्चय योजना के अंतर्गत छूटे हुए कार्यों को तेजी से पूर्ण करें.

उन्होंने कहा कि सड़कों के उन्नयन एवं उनके चौड़ीकरण के लिए योजनाबद्ध तरीके से काम करें. मुख्यमंत्री सेतु निर्माण योजना के अंतर्गत बने पुलों का निरीक्षण एवं मेंटेनेंस तो हो ही, नए निर्मित पुलों, जिनका एप्रोच कार्य बाकी है उसे भी ठीक करायें.

Input: zee media

Muzaffarpur Now – Bihar’s foremost media network, owned by Muzaffarpur Now Brandcom (OPC) PVT LTD

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *