पटना. बिहार में पिछले 15 दिनों से कमजोर पड़ा मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है और अब इसका असर भी शुरू होनेवाला है. मौसम विभाग की मानें तो मानसून का ट्रफ बिहार से होकर गुजर रहा है, जिसकी वजह से राज्य के अधिकांश इलाकों के लिए वज्रपात, गरज के साथ भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है. मौसम विभाग ने अलर्ट जारी करते हुए पूर्वानुमान जताया है कि सोमवार को मानसून का ट्रफ बिहार से होकर बंगाल की खाड़ी के कम दवाब के क्षेत्र तक पहुंचेगा, जिससे मौसम में बदलाव के कारण भारी बारिश की संभावना है.

मौसम विभाग की मानें तो उत्तर बिहार में भारी बारिश हो सकती है, जबकि बाकी जगहों पर भी अगले 24 घंटे में मध्यम से भारी बारिश की संभावना है. सोमवार को जिन जिलों के लिए अलर्ट जारी किया गया है उनमें कटिहार, पूर्णिया, खगड़िया, किशनगंज और बेगूसराय में भारी बारिश की संभावना जताई गई है. इन इलाके के लोगों से विशेष सावधानी बरतने की भी अपील की गई है. लोगों से मौसम विभाग ने अपील की है कि खुले स्थानों पर न जाएं और पेड़ के नीचे शरण न लें. पक्के स्थानों पर ही रुकें, क्योंकि आकाशीय बिजली गिरने की आशंका है.

वेदर डिपार्टमेंट ने नवादा, औरंगाबाद, जहानाबाद, अरवल, नालन्दा, गया और पटना के लिए भी अलर्ट जारी किया है. लोगों से सावधानी बरतने की अपील की गई है. हालांकि, उमस भरी गर्मी से लोग परेशान भी हैं, जिससे बारिश के बाद लोगों को काफी राहत मिल सकती है. इधर, कई निचले इलाकों में नदियों के जलस्तर बढ़ने के बाद खतरा बढ़ने की भी आशंका है.

Source : News18

Muzaffarpur Now – Bihar’s foremost media network, owned by Muzaffarpur Now Brandcom (OPC) PVT LTD

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *