हाजीपुर में पदस्थापित श्रम प्रवर्तन अधिकारी (एलईओ) दीपक शर्मा के पटना और मोतिहारी स्थित ठिकानों पर निगरानी की टीम ने शनिवार को एक साथ छापा मारा। अधिकारी के घर से पौने दो करोड़ रुपये नगद बरामद हुए हैं। इसके अलावा 978 ग्राम सोने के गहने और एक किलो चांदी का भी पता चला है। वहीं 25 भूखंडों की खरीद और करारनामे के अलावा पासबुक व निवेश के कागजात भी निगरानी टीम ने जब्त किए हैं। जमीन की कीमत सात करोड़ रुपये आंकी गई है। वहीं उनकी पत्नी भी पटना में डाक विभाग में कार्यरत हैं।

दरअसल, पटना के आलमगंज थाना क्षेत्र के बजरंगपुरी इलाके और मोतिहारी के चांदमारी स्थित दीपक शर्मा के आवासों की निगरानी की टीम ने एक साथ तलाशी ली। निगरानी के मुताबिक, उनके घर से मिले सोने और चांदी के गहनों के आभूषणों की कुल कीमत 47 लाख 53 हजार आंकी गई है। इसके अलावा पोस्ट ऑफिस और बैंक के 42 खातों के जरिए निवेश का भी पता चला है। 14 बीमा पॉलिसी में निवेश तथा 17 डेबिट व क्रेडिट कार्ड का भी पता चला है। उन्होंने वार्षिक संपत्ति प्रतिवेदनों में निवेश से जुड़ी जानकारी छिपा ली थी। निवेश से जुड़े दस्तावेजों की छानबीन के बाद आय से कई गुना अधिक संपत्ति का खुलासा हो सकता है।

हाल में पड़े निगरानी छापे

रोहतास के जिला भू-अर्जन पदाधिकारी राजेश गुप्ता के घर पड़े छापे में 29.63 लाख रुपये नकद व 1.19 करोड़ के जेवरात प्राप्त हुए।

दरभंगा के आपदा प्रबंधन समाहर्ता अनिल कुमार की औरंगाबाद के डीटीओ रहने के दौरान संदिग्ध भूमिका सामने आई। उनके यहां छापे में 55 लाख अधिक की संपत्ति का पता चला।

पूर्वी चंपारण के आबकारी अधीक्षक अविनाश प्रकाश के ठिकानों पर पड़े छापे में 94 लाख की अवैध संपत्ति अर्जित करने का खुलासा हुआ।

मोतिहारी स्थित घर की छह घंटे तक चली तलाशी

निगरानी की 12 सदस्यीय टीम सुबह 11 बजे दीपक शर्मा के मोतिहारी के चांदमारी स्थित आवास पर पहुंची। टीम ने आवास के मेन गेट पर ताला जड़ दिया। बाहर से अंदर व अंदर से बाहर किसी के जाने से मनाही थी। छह घंटे तक छापेमारी व सर्च अभियान चलाया गया। टीम ने पूरे घर की तलाशी ली व परिजनों से घंटों पूछताछ की।

(मुजफ्फरपुर नाउ के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)

umanag-utsav-banquet-hall-in-muzaffarpur-bihar

Muzaffarpur Now – Bihar’s foremost media network, owned by Muzaffarpur Now Brandcom (OPC) PVT LTD

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *