आज यानि रविवार को होनेवाले रक्षाबंधन को लेकर भाई बहनों में खासा उत्साह है। भाई बहन के प्रेम का प्रतीक रक्षाबंधन त्योहार को लेकर एक दिन पूर्व शनिवार को देर शाम तक बाजारों में चहल-पहल रही। राखी से लेकर गिफ्ट व मिठाई की दुकानों में काफी भीड़ देखी गयी। रंग बिरंगे राखी की खरीदारी के लिए शनिवार सुबह से लेकर देर शाम तक बहनों की भीड़ राखी की दुकानों में देखी गयी। शहर के कई चौक-चौराहों पर राखी की दुकानें सजी है।

कम दामों से लेकर अधिक दामों तक की राखी बहनें खरीदती देखी गयी। रेशमी धागा से बना जड़ी, मोती, सहित बच्चों के लिए कार्टून वाली छोटा भीम, लिटिल चैंप सहित अन्य कार्टून वाली राखी की खूब बिक्री हुई। कार्टून वाली राखी बच्चों द्वारा सर्वाधिक पसंद की जा रही थी। 5 रुपए से लेकर 500 रुपए तक की राखी बाजारों में बिक रही है। इसके अलावा चांदी की राखी की भी डिमांड रही। भाई द्वारा बहन को उपहार देने के लिए भी होड़ मची रही।

कुछ भाई अपनी बहन के लिए मोबाइल, कपड़ा, घड़ी सहित अन्य सामान खरीदते देखे गए तो तो कुछ भाई अपनी बहन के लिए अन्य उपहार खरीदते दिखे। नन्ही बहन व नन्हे भाई भी राखी व खिलौने खरीदते नजर आए। रक्षा बंधन के लिए मिठाई की भी खूब बिक्री हुई। शहर के प्रतिष्ठित मिठाई दुकानों में दिन भर खरीदारी के लिए लोगों की कतारें लगी रही। खोआ व छेना से बनी मिठाइयां लोगों की पसंद बन रही है। रस कदम, लड्डु, रसमलाई, कलाकंद, बर्फी, गुलाब जामुन, काजू कतली, सहित अन्य मिठाइयां की लोग खरीदारी करते दिखे।
Input: Live Hindustan




