पटना में बीच सड़क पर एक फाइनांस कंपनी के रिकवरी एजेंट ने जमकर गुंडागर्दी की। कार से जा रहे परिवार को बीच सड़क पर रोका। उन्हें जबरन कार से उतारा। रिकवरी एजेंट जबरदस्ती कार को अपने साथ ले जाने की कोशिश में लगा हुआ था। इस वजह से उसमें बैठे लोगों से बहस हुई। इसके बाद रिकवरी एजेंट ने परिवार के लोगों के साथ मारपीट की। एक युवक का कपड़ा फाड़ दिया। गुंडागर्दी की हद पार करते हुए एजेंट ने कार में सवार परिवार की गर्भवती महिला तक को नहीं छोड़ा। आरोप है कि गर्भवती महिला के साथ भी मारपीट की।

बुधवार को यह पूरी घटना पटना के जीरो माइल इलाके के पास हुई। मामले की जानकारी अगमकुआं थाना की पुलिस को दी गई। पीड़ित परिवार ने पुलिस के सामने घटना की पूरी डिटेल लिखित में दी है। गुड्डू कुमार उर्फ नीतीश कुमार ने बताया कि भाई जीतेंद्र, भाभी व रिश्तेदार पंकज के साथ इलाज कराने पटना जा रहे थे। तभी संदीप, रोहित व अन्य लोगों ने खुद को रिकवरी एजेंट बताते हुए गाड़ी को रोक लिया और रंगदारी करने लगे।

पीड़ित परिवार ने गुंडागर्दी करने वाले फाइनांस कंपनी के रिकवरी एजेंट के खिलाफ लिखित में शिकायत की है। इस बात की पुष्टि अगमकुआं के थानेदार अभिजीत ने भी की। परिवार ने बताया कि रिकवरी एजेंट जबरन 10 हजार रुपए की मांग कर रहा था। जबकि, कार मालिक का दावा है कि जनवरी महीने तक की EMI जमा कर चुका है। इसके बाद भी उससे गलत तौर पर रुपए मांगे जा रहे थे। अब इस मामले में पुलिस ने FIR दर्ज कर ली है। साथ ही रिकवरी एजेंट की गुंडागर्दी के मामले की जांच शुरू कर दी है।
Input: dainik bhaskar





