वैशाली. बिहार में एक बार फिर से जहरीली शराब लोगों के मौत का कारण बनी है. मामला वैशाली जिला से जुड़ा है, जहां के राघोपुर दियारा इलाके में जहरीली शराब से एक साथ 5 लोगों को मौत हो गई. पांच लोगों की मौत हो जाने से कोहराम मच गया है, वहीं बिहार सरकार की शराबबंदी योजना की धज्जियां भी उड़ी हैं. पूरा मामला जुड़ावनपुर थाना क्षेत्र के चक सिंगार पंचायत के वार्ड नंबर 6 स्थित दलित बस्ती की है. दो लोग जिंदगी और मौत से जूझ रहे हैं.

राघोपुर के जुड़ावनपुर में 5 मौत पर जांच को पहुँचे DM व SP वैशाली

मामला प्रकाश में आने के बाद प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मचा है. यह मामला स्कूल परिसर में शराब और मछली-भात की पार्टी से जुड़ा है. बुधवार को दिन भर में 3 लोगों की मौत हो गई, जबकि गुरुवार को पहले सुबह एनएमसीएच में इलाजरत दो लोगों की मौत हुई. दो अन्य लोग एनएमसीएच में इलाजरत हैं. इस पूरे घटनाक्रम को लेकर ग्रामीणों में आक्रोश है और इसके विरोध में ग्रामीणों ने बुधवार को पुलिस के खिलाफ प्रदर्शन भी किया था. ग्रामीणों के मुताबिक इस इलाके में धड़ल्ले से देसी शराब का धंधा चल रहा है और शिकायत करने पर भी कार्रवाई नहीं होती है, जिसका नतीजा है कि 7 लोग जहरीली शराब से बीमार पड़े जिसमें से एक-एक कर 5 लोगों की अब तक मौत हो चुकी है. चक सिंगार गांव वार्ड नंबर 6 के दलित बस्ती निवासी ललिता देवी ने बताया कि इस इलाके में धड़ल्ले से शराब का धंधा चलता है और मना करने पर धंधेबाज द्वारा धमकी दी जाती है. पुलिस भी कोई करवाई नहीं करती.

घटना की जानकारी मिलने पर बुधवार को घटनास्थल पर पहुंचे सदर एसडीपीओ राघव दयाल ने बताया की कुछ लोगों ने शराब पार्टी की थी. जांच के बाद ही किसी नतीजे पर पहुंचा जा सकेगा. उन्होंने कहा कि ग्रामीणों के मुताबिक जो लोग शराब पार्टी में शामिल थे, उन्हीं लोगों में से एक साथ 7 लोग बीमार पड़े जिनका ग्रामीण बगैर पुलिस को सूचना दिए चोरी छिपे इलाज करा रहे थे. इसी दौरान जब दो युवकों की मौत हो गई तो कोहराम मच गया. उसके बाद पुलिस ने बाकी 5 बीमार लोगों को ढूंढ निकाला, जिन्हें बेहतर इलाज के लिए पटना भेजा गया.

ग्रामीणों के मुताबिक मंगलवार की शाम चक सिंगार के दलित बस्ती स्थित नवसृजित प्राथमिक विद्यालय परिसर में दारू और मछली की पार्टी आयोजित की गई जिसमें 10 लोग शामिल हुए थे. वैशाली एसपी मनीष ने बताया कि पूरे मामले पर पुलिस की नजर है और इसमें जो लोग शामिल हैं, उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई के लिए छापेमारी अभियान चलाई जा रही है. हालांकि, उन्होंने अभी तक जहरीली शराब से लोगों की मौत होने की अधिकारी पुष्टि नहीं की. उन्होंने कहा कि जहरीली शराब से लोगों की मौत होने से इनकार भी नहीं किया जा सकता लेकिन सब कुछ पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच रिपोर्ट पर निर्भर है.

मंत्री और सचिव को करें गिरफ्तार

इधर, शराबबंदी वाले राज्य में जहरीली शराब पीने से पांच लोगों की मौत के बाद प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया है. शराब कांड पर विपक्ष ने सरकार को घेरना शुरू कर दिया है. इसी क्रम में पूर्व सांसद और जाप सुप्रीमो पप्पू यादव  ने सूबे के मुखिया नीतीश कुमार को घेरा है. जेल में बंद पप्पू यादव ने ट्वीट कर कहा, ” बिहार में है शराबबंदी पर, हाजीपुर में जहरीली शराब से पांच लोगों की मौत. जिम्मेदार कौन? नीतीश जी मद्य निषेध विभाग के मंत्री और सचिव को बर्खास्त कर, करें गिरफ्तार!”

Input : News18

हेलो! मुजफ्फरपुर नाउ के साथ यूट्यूब पर जुड़े, कोई टैक्स नहीं चुकाना पड़ेगा 😊 लिंक 👏

advertise-with-muzaffarpur-now

Muzaffarpur Now – Bihar’s foremost media network, owned by Muzaffarpur Now Brandcom (OPC) PVT LTD

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *