चक्रवाती तूफान यास की आहट बिहार और झारखंड में दिखने लगी है। इसके चलते बिहार के कई जिलों में जमकर बारिश हुई तो कई जिलों में बादल छाए रहे। वहीं, तूफान को लेकर पूरे राज्य में अलर्ट है। आपदा विभाग के साथ ही मौसम विभाग ने भी लोगों से घरों में रहने और सावधानी बरतने की अपील की है।

बंगाल की खाड़ी से झारखंड होता हुआ तूफान बुधवार को राज्य के दक्षिणी व मध्य हिस्से से प्रवेश करेगा। इन्हीं इलाकों में इसका ज्यादा असर दिखेगा, हालांकि प्रभावित पूरा बिहार होगा। राज्य में यास का सबसे ज्यादा असर 27 और 28 मई को दिखेगा। उधर, यास का प्रभाव झारखंड के संताल-कोयलांचल में दिखा। जमशेदपुर समेत कई जगहों पर बारिश हुई। यहां भी अलर्ट जारी कर दिया गया है।

यास का असर मंगलवार दोपहर से ही पूरे राज्य में दिखने लगा। खगड़िया, सहरसा, मधेपुरा, पूर्णिया, जमुई, नवादा, मुंगेर, पटना के मोकामा और सुपौल में हल्की हवा के साथ छिटपुट बारिश भी हुई। अन्य इलाकों में भी बादल छाए रहे। मौसम विभाग ने प्रदेश के हर हिस्से के लिए 30 मई तक के लिए अलर्ट जारी किया है।

खगड़िया में घर गिरा, बालक की मौत
नगर थाना क्षेत्र के मथुरापुर नवटोलिया गांव में बारिश के कारण खपरैल मकान गिर गया, जिसमें एक बालक की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य घायल हो गए। मंगलवार की सुबह हुई मूसलाधार बारिश से ग्रामीण इलाकों में 10 घंटे तक बिजली आपूर्ति ठप हो गई।
भागलपुर व कोसी-सीमांचल में बारिश
भागलपुर में मंगलवार सुबह में दो घंटे तेज हवा के साथ अच्छी बारिश हुई। वहीं पूर्णिया में 8 मिलीमीटर बारिश हुई। उधर, अररिया में दिनभर बूंदाबांदी होती रही। आसमान बादल से घिरा रहा। सहरसा में सुबह तेज हवा के साथ शुरू हुई बारिश दोपहर तक जारी रही।
उत्तर बिहार के कई जिलों में रुक-रुककर बूंदाबांदी होती रही। दरभंगा, मधुबनी आदि जिले में दिनभर बूंदाबांदी होती रही। आसमान बादल से घिरे रहे। हालांकि आंधी नहीं आई है। वहीं, सीतामढ़ी में सुबह तेज हवा के साथ बारिश हुई है। 11 बजे दिन के बाद रुक-रुककर बूंदाबांदी हुई।
गया में मंगलवार को दिनभर बादल छाए रहे। शाम में कहीं-कहीं हल्दी बूंदाबांदी हुई। अधिकतम तापमान सामान्य से 8 डिग्री नीचे 32 पर आ गया। वहीं जमुई में सुबह से ही आसमान में बादल छाए रहे। उधर, नवादा में दिनभर छाए बादल रहे। बूंदाबांदी भी हुई।
यास का असर तापमान पर भी पड़ेगा। इसमें लगातार गिरावट देखी जाएगी। वहीं, मंगलवार को संग्रामपुर, मुंगेर में 50 मिली मीटर, अमरपुर और बिहपुर 40 मिली मीटर वर्षा हुई। प्रदेश का सर्वाधिक अधिकतम तापमान 39.3 डिग्री सेल्सियस बक्सर का दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार उत्तर पश्चिम तक एक टर्फ लाइन बनी हुई है, जो उत्तर बिहार, पश्चिम बंगाल, झारखंड के रास्ते समुद्र तल से 0.9 किलोमीटर पर गुजर रही है।
Input: live hindustan






