हाजीपुर-सुगौली रेल परियोजना के सेकेंड फेज में वैशाली से साहेबगंज तक रेल परिचालन शुरू होने में कम से कम ढाई से 3 साल और लगेंगे। सब कुछ ठीक-ठाक रहा तो 2024 के अंत तक ही इस रेलखंड पर परिचालन शुरू हो सकेगा। इस रेलखंड के अधिकतर स्थानों पर जमीनी काम हो चुका है। रेलवे करीब 60% काम पूरा किए जाने का दावा कर रहा है।

रेलवे अधिकारियों का कहना है कि काम काफी तेजी से चल रहा है। कई स्थानों पर मिट्टी भराई का कार्य पूरा हो चुका है। लेकिन 40% बाकी काम पूरा करने में कम से कम 1 साल और लगेगा। इसके बाद लाइन बिछाने में भी 1 साल का समय लगेगा। उसके बाद विद्युतीकरण, इंटरलॉकिंग, सीआरएस आदि के काम में कम से कम 6 से 8 महीने का समय लगेगा। इधर, रेलवे बोर्ड से भी इस रेलखंड को जल्दी से पूरा कर लेने का टारगेट दिया गया है।

पानी सूखने पर इस माह से शुरू हुआ काम
पूमरे के कंस्ट्रक्शन विभाग के डिप्टी चीफ इंजीनियर ने कहा कि 2020-21 के बजट में इस रेलखंड के लिए आवंटन का प्रावधान किया गया था। लेकिन राशि आने में काफी विलंब हो गई। जून के अंतिम सप्ताह में आवंटन मिला। 15 जून के बाद बरसात शुरू हो गई। बरसात के बाद अधिकतर स्थानों पर पानी जमा होने के कारण मिट्टी कटाई नहीं हो पाई। अब पानी सूखने पर इस माह से काम शुरू हुआ है। इससे प्रोजेक्ट 1 साल लेट हो गया। ऐसे में साहेबगंज तक परिचालन शुरू करने में कम से कम ढाई से 3 साल का समय लग सकता है।

हाजीपुर-सुगाैली के बीच 106 रेल अंडरब्रिज का निर्माण होना है। रेलवे क्रॉसिंग बनाने के बदले आरयूबी यानी रेल अंडरब्रिज ही बनाना है। वहीं बाया नदी पर एक बड़ा ब्रिज का निर्माण होना है। नदी में सिर्फ पिलर बनाने का काम किया गया है। लेकिन कहीं भी अंडर पास और पहुंच पथ बनाने का काम शुरू भी नहीं हो सका है।
Source : Dainik Bhaskar





