नालंदा. माना जा रहा है कि पांच छह दिन में देश में कोरोना वैक्सीन लेने वालों की संख्या 100 करोड़ पार हो जाएगी. इस उपलक्ष्य में पहली बार प्राचीन विश्व धरोहर नालंदा खंडहर को रंगबिरंगी लाइट से सजाया गया है. बता दें कि देश में 100 करोड़ वैक्सीनेशन के उपलक्ष्य में देशभर के 100 विश्व धरोहरों को रंग-बिरंगी लाइटों से जगमग किया गया है. इनमें एक नालंदा खंडहर भी शामिल है.

आज विश्व धरोहर प्राचीन नालंदा विश्वविद्यालय के भग्नावशेष नालंदा खंडहर को पुरातत्व विभाग ने रंग बिरंगी लाइटों से सजाया. नालंदा खंडहर में पहली पर इस तरह से रंग बिरंगी लाइटें लगाई जाने के बाद स्थानीय गांव के लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी. लोग नालंदा खंडहर के इस मनोरम दृश्य की एक झलक देखने को लालायित रहे. स्थानीय लोगों ने बताया कि पहली बार इस तरह से नालंदा खंडहर के भग्नावशेष को रंगबिरंगी लाइटों से चकाचौंध किया गया है.

100 करोड़ लोगों को कोरोना टीका लग जाने के मौके को देशभर में धूमधाम से मनाने के तैयारी है. इसी मकसद से देश की 100 धरोहरों को रंगारंग रोशनी से चमकाया गया है. आपको बता दें कि प्राचीन नालंदा विश्वविद्यालय के भग्नावशेष को यूनेस्को ने विश्व धरोहर का दर्जा दिया है. भारत की संस्कृति, न्यायशास्त्र, दर्शन और ज्ञान की अनेक विधाओं के अध्ययन के लिए चर्चित रहे नालंदा विश्वविद्यालय का जिक्र सातवीं सदी में भारत आए चीनी यात्री ह्वेनसांग ने भी किया है.

बताया जाता है कि उस समय इस विश्वविद्यालय में 10000 से अधिक विद्यार्थी पढ़ते थे. इनके लिए डेढ़ हजार से ज्यादा शिक्षक यहां रहते थे. यह अपनी तरह का अनोखा आवासीय विश्वविद्यालय माना जाता है. पटना से चंद घंटे की दूरी पर स्थित इस अनोखी विरासत को देखने हर साल लाखों की संख्या में पर्यटक पहुंचते हैं.
Source : News18
हेलो! मुजफ्फरपुर नाउ के साथ यूट्यूब पर जुड़े, कोई टैक्स नहीं चुकाना पड़ेगा 😊 लिंक 👏





