पटना : जिला, अनुमंडल व प्रखंड मुख्यालयों समेत सभी शहरी नगर निकायों में स्थायी आधार पंजीकरण केंद्र खोले जाएंगे। इन केंद्रों पर नये आधार के लिए पंजीकरण और पुराने आधार में बदलाव कार्य होंगे। इसको लेकर ग्रामीण विकास विभाग ने नए सिरे से तैयारी शुरू कर दी है।

इसको लेकर विभाग के सचिव बालामुरूगन डी ने सभी जिलाधिकारियों को पत्र लिखा है। आधार परियोजना अंतर्गत यह कार्रवाई की जा रही है। जिलाधिकारियों के लिखे पत्र में विभाग के सचिव ने कहा है कि पूर्व से कार्यरत सभी एजेंसियों का कार्यकाल समाप्त हो चुका है। स्थायी आधार पंजीकरण केंद्रों की स्थापना और उनके संचालन के लिए एजेंसियों के चयन का कार्य पूरा कर लिया गया है। इन एजेंसियों के माध्यम से लोगों को सेवाएं प्रदान की जाएंगी। विभाग ने जिलाधिकारियों को यह भी स्पष्ट किया है कि आधार पंजीकरण केंद्रों की स्थापना पूर्व में चिह्नित कार्यस्थलों पर की करायी जाएगी। इसके लिए जिला सभी आवश्यक तैयारी पूरी कर विभाग को इससे संबंधित रिपोर्ट शीघ्र भेजे।

जिला निबंधन एवं परामर्श केंद्रों (डीआरसीसी) पर भी आधार पंजीकरण केंद्र की स्थापना होगी। विभाग ने साफ किया है कि केंद्र की स्थापना के लिए चिह्नित जगहों पर बिजली कनेक्शन की उपलब्धता सुनिश्चत करें। बिजली कनेक्शन में कहीं दिक्कत है तो जेनरेटर की व्यवस्था करें। बीस्वान के माध्यम से इंटरनेट कनेक्शन दिलाएं। जिलों को यह भी कहा गया है कि बड़े प्रखंडों में यदि आवश्यकता हो तो आकलन कर वहां एक से अधिक पंजीकरण केंद्र की स्थापना का प्रस्ताव भेजें।

नोडल पदाधिकारी होंगे
आधार पंजीकरण केंद्रों की स्थापना और उनके संचालन को लेकर सभी जिलों और प्रखंडों में इसके लिए नोडल पदाधिकारी नामित करने का निर्देश भी जिलों को दिया गया है। नोडल पदाधिकारियों के नाम और मोबाईल नंबर भी विभाग ने मांगा है।
Source : Hindustan








