मोकामा के बाहुबली विधायक अनंत सिंह के ऊपर एक फिर से कानूनी शिकंजा कसने जा रहा है। पटना के बेउर जेल में बंद होने के बाद भी ये ऐश की जिंदगी जी रहे थे। मोबाइल फोन का इस्तेमाल कर रहे थे। जमकर सिगरेट पी रहे थे। जेल मैनुअल के अनुसार, विधायक होने की वजह से इन्हें 2 सेवादार भी मिला था। लेकिन ये 9 सेवादारों की सेवा ले रहे थे। सबसे बड़ी बात है कि इनके पास से एक लंबी नंबर की लिस्ट मिली है। इसमें कई लोगों के नाम और मोबाइल नंबर लिखे हुए हैं। इन सारी बातों का खुलासा बुधवार को तब हुआ जब पटना जिला प्रशासन की टीम ने जेल में अचानक छापेमारी कर दी।
जेल में बंद अनंत सिंह के पास मिला मोबाइल, फोन नंबर लिखी पर्ची भी बरामद, पटना DM ने लिया एक्शन pic.twitter.com/Gw9iDPzSBR
— Muzaffarpur Now (@muzaffarpurlive) April 6, 2022
दोपहर 12:15 बजे पटना के DM डॉ. चंद्रशेखर सिंह और SSP मानवजीत सिंह ढिल्लों की टीम बेउर जेल पहुंची। एक-एक करके सारे सेल और ब्लॉक को खंगाला गया। इसी क्रम में टीम जेल के उच्च श्रेणी यानी MP-MLA ब्लॉक गई। विधायक अनंत सिंह को जेल प्रशासन ने इसी ब्लॉक में रखा है। टीम के अनुसार, वहां एक साथ 9 सेवादारों को मौजूद देख उनके होश उड़ गए। एक-एक कर इन सभी सेवादारों से पूछताछ की गई है। अब इन सभी की भूमिका जांच की जाएगी। इसके बाद टीम ने अनंत सिंह के बैग को खंगाला गया। उनके बैग से ही मोबाइल फोन बरामद हुआ।

फिर टीम ने अनंत सिंह के व्हील चेयर को चेक किया। इसमें से काफी सारे सिगरेट मिले। जिससे साफ हुआ कि अनंत जेल के अंदर भी मौज कर रहे हैं। अपने विधायक होने का नाजायज फायदा उठा रहे हैं। फुलवारी शरीफ के ASP मनीष कुमार के अनुसार, ‘अब पुलिस इस एंगल पर जांच कर रही है कि जो लिस्ट अनंत सिंह के पास से बरामद हुई है, वो किस लिए थी? कहीं जेल में बैठकर बाहुबली लोगों से रंगदारी तो नहीं मांग रहे हैं? पूरी कार्रवाई की वीडियोग्राफी करवाई गई है। यह बात तो फिलहाल पुलिस की जांच में ही स्पष्ट हो पाएगी।

फिलहाल जेल मैनुअल का उल्लंघन करने के मामले में बेउर थाने में उनके खिलाफ FIR दर्ज की जा रही है। दूसरी तरफ, अनंत सिंह के पास मिले सेवादारों के खिलाफ जेल प्रशासन कार्रवाई करेगा। लापरवाही बरतने के मामले में वार्डन को सस्पेंड कर दिया गया है। सूत्रों की मानें तो जेल सुप्रिटेडेंट को भी शो काउज किया गया है।









