मीनापुर थाना परिसर में शराब पी रहे एएसआई (जमादार) रामचंद्र पंडित को प्रशिक्षु आइपीएस सह मीनापुर थानेदार शरत एसआर ने गिरफ्तार किया है। मौके से एक बोतल में शराब और ग्लास आदि भी जब्त किया गया है। गिरफ्तार एएसआई को मंगलवार की रात ही नगर थाना लाकर उससे वरीय अधिकारियों ने भी पूछताछ की।
एसएसपी जयंतकांत ने एएसआई रामचंद्र पंडित को गिरफ्तार किए जाने की पुष्टि की है। कहा, कि एएसआई को तत्काल निलंबित करते हुए जेल भेजने की प्रक्रिया की जा रही है। उसके खिलाफ उत्पाद अधिनियम के तहत एफआईआर दर्ज कर ली गई है। बर्खास्तगी को लेकर विभागीय कार्यवाही चलाई जाएगी। एएसआई रामचंद्र पंडित मधुबनी जिले का है। वह मीनापुर में दो साल से प्रतिनियुक्त है। इससे पहले पारू थाने में पोस्टेड था। नगर थाने से उसका तबादला पारू हुआ था।

मेडिकल में भी शराब पीने की पुष्टि, एएसआई पर केस
मीनापुर थाने पर शराब पीते पकड़े गए एएसआई रामचंद्र पंडित को मंगलवार रात में ही नगर थाना लाया गया था। एएसएसपी ने बताया कि ब्रेथ एनालाइजर से जांच कराई गई, जिसमें शराब पीने की पुष्टि हुई। इसके बाद सदर अस्पताल के चिकित्सक से पैथोलॉजिकल जांच भी कराई गई। मीनापुर थानाध्यक्ष शरत एसआर ने बताया कि अवर निरीक्षक तालेश्वर टुडडू के बयान पर एएसआई रामचन्द्र पंडित को आरोपित करते हुए एफआईआर दर्ज कर ली गई है। इधर, इलाके में चर्चा है कि आरोपी एएसआई थाने में जब्त होने वाली शराब की चोरी कर खुद पीता और बेचता था।
Source : Hindustan







![]()


