राज्यपाल सह कुलाधिपति फागू चौहान ने बीएड प्रवेश परीक्षा के आयोजन के संबंध सोमवार को राजभवन में वीडियो कॉन्फ्रेन्सिंग से राज्य के सभी प्रमंडलीय आयुक्तों के साथ बैठक की। इसमें बताया गया कि 23 जून को आयोजित होने वाली यह परीक्षा अपरिहार्य कारणवश स्थगित कर दी गई है तथा इसकी नई तिथि की घोषणा शीघ्र ही की जाएगी। राज्यपाल ने शांति व्यवस्था बनाए रखते हुए कदाचारमुक्त परीक्षा कराने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां करने का निर्देश दिया।


गौरतलब है कि राज्य के 11 शहरों में कुल 325 केन्द्रों पर होने वाली इस परीक्षा में लड़कों के लिए 168 और लड़कियों के लिए 157 केन्द्र बनाए गए हैं। इस परीक्षा में कुल 1,91,929 परीक्षार्थी शामिल होंगे। बैठक में राज्यपाल के प्रधान सचिव रॉबर्ट एल चोंग्थू, राज्य के सभी प्रमंडलीय आयुक्त, परीक्षा के नोडल विश्वविद्यालय ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय, दरभंगा के कुलपति प्रो. एसपी सिंह एवं बीएड प्रवेश परीक्षा के नोडल पदाधिकारी प्रो. अशोक कुमार मेहता आदि मौजूद रहे।




