राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद के भकचोन्हर शब्द को लेकर खूब सियासत हुई थी। कांग्रेस के भक्त चरण दास के संबंध में उन्होंने ऐसा कह दिया था। तब इस शब्द की पूरी व्याख्या की गई थी। राजद की ओर से भी सफाई दी गई थी। अब पटना के एक रेस्टोरेंट में भकचोन्हर का बोर्ड लगा दिया गया है। रेस्टोरेंट पहुंचने वाले लोग यहां जमकर सेल्फी ले रहे हैं। इसकी तस्वीर मुकेश सिंह नामक के एक व्यक्ति ने ट्विटर पर पोस्ट की है। इसे राष्ट्रीय जनता दल ने रिट्वीट किया है।

राजद ने कहा-इसे कहते हैं मास लीडर
मुकेश सिंह ने जो तस्वीर ट्वीट की है उसमें लिखा है पटना के रेस्टोरेंट में भकचोन्हर का बोर्ड दिखा। पूछे तो बोला कि लालू जी द्वारा प्रयोग में लाया यगा स्वदेशी गुणगान है। हमारे होटल का नाम स्वदेशी है इसलिए चुन-चुन के स्वदेशी शब्द सब लटकाए हुए हैं। ग्राहक को बहुत अच्छा लगता है। सब सेल्फी लेता है। तस्वीर को रिट्वीट करते हुए राजद ने इशारों में लालू प्रसाद की लोकप्रियता की चर्चा की है। लिखा है कि, इसे कहते हैं मास लीडर। जो कह देते हैं वह बच्चे-बच्चे की जुबान पर चढ़ जाता है। जो नामकरण कर देते हैं वह सदा के लिए चिपक जाता है।बताया जाता है कि यह रेस्टोरेंट बोरिंग रोड में है। यहां खटिया पर यह बैनर टांगा गया है। इसमें भकचोन्हर शब्द की पूरी व्याख्या की गई है। अंग्रेजी में विवरण लिखा गया है जिसमें भकचोन्हर का अर्थ मूर्ख बताया गया है। अंग्रेजी में इन्कंपीटेंट और बेवकूफ लिखा गया है।

बता दें कि बिहार में भकचोन्हर के बाद ऐसे शब्दों का प्रचलन बहुत बढ़ गया है। पूर्व सीएम जीतन राम मांझी की बहू दीपा मांझी ने लालू प्रसाद के बेटे और बेटी के लिए आपत्तिजनक शब्द का प्रयोग कर दिया। इसी तरह डिप्टी सीएम रेणु देवी ने आरा के एक नेता के संबंध में ऐसा बोल दिया जिससे बहुत बवाल मचा।
Source : Dainik Jagran
(मुजफ्फरपुर नाउ के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)








