बिहार सरकार ने राज्य में कोरोना से संबंधित सभी प्रकार के प्रतिबंधों को 14 फरवरी से खत्म करने का ऐलान किया है. कोरोना संक्रमण में लगातार आ रही कमी को देखते हुए ये फैसला लिया गया है. शनिवार शाम को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने अपने ट्विटर हैंडल पर इस संबंध में जानकारी दी है.

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने लिखा कि कोरोना संक्रमण की वर्तमान स्थिति की आज समीक्षा की गई. कोरोना संक्रमण में लगातार आ रही कमी को देखते हुए 14 फरवरी से अगले आदेश तक सभी प्रकार के प्रतिबंधों को हटा लिया गया है. अब कोविड अनुकुल व्यवहार एवं निर्धारित मानक संचालन प्रक्रिया के अनुपालन के साथ सभी गतिविधियां सामान्य रूप से संचालित होंगी. जिला पदाधिकारियों को स्थानीय परिस्थितियों को देखते हुए आवश्यकतानुसार प्रतिबंध लगाने के लिए अधिकृत किया गया है.

कोरोना संक्रमण की वर्तमान स्थिति की आज समीक्षा की गई। कोरोना संक्रमण में लगातार आ रही कमी को देखते हुए 14 फरवरी से अगले आदेश तक सभी प्रकार के प्रतिबंधों को हटा लिया गया है। (1/3)
कोरोना संक्रमण की वर्तमान स्थिति की आज समीक्षा की गई। कोरोना संक्रमण में लगातार आ रही कमी को देखते हुए 14 फरवरी से अगले आदेश तक सभी प्रकार के प्रतिबंधों को हटा लिया गया है। (1/3)
— Nitish Kumar (@NitishKumar) February 12, 2022
हालांकि मुख्यमंत्री की ओर से अभी भी कोरोना को लेकर सावधानी बरतने और सोशल डिस्टेंसिंग के पालन और मास्क के उपयोग की बात कही गई है. मुख्यमंत्री ने ट्वीट कर लिखा कि लोगों से अनुरोध है कि सावधानी बरतें तथा सोशल डिस्टेंसिंग के साथ-साथ घर से बाहर निकलते समय मास्क का प्रयोग जरूर करें.

शनिवार को आपदा प्रबंधन समूह की बैठक में राज्य में कोरोना संक्रमण की वर्तमान स्थिति की समीक्षा की गई. समीक्षा के दौरान पाया गया कि राज्य में कोरोना संक्रमण की दर एवं प्रभाव में बड़े स्तर पर कमी आई है. ऐसी स्थिति में प्रतिबंधों के दौर से बाहर आने की जरूरत है, ताकि आम जनजीवन को कोरोना पूर्व काल के स्तर पर लाने की दिशा में आगे बढ़ा जा सके. नीतीश सरकार के फैसले के बाद सभी सरकारी कार्यालय एवं गैर सकरकारी कार्यालय सामान्य रूप से खुल सकेंगे. सरकारी कार्यालयों में केवल कोरोना टीका लेने वाले विजिटर को ही प्रवेश मिलेगा. सभी दुकानें एवं प्रतिष्ठान सामान्य रूप से खुल सकेंगे. इस दौरान दुकान में मौजूद सभी लोगों को मास्क पहनना आनिवार्य होगा. साथ ही सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करना होगा. दुकानों में कोरोना का टीका लेने वालों को ही प्रवेश मिलेगा. इन आदेशों का पालन नहीं करने पर जिला प्रशासन की ओर से कार्रवाई की जाएगी.

सभी शिक्षण, प्रशिक्षण एवं कोचिंग संस्थान, छात्रावास शत प्रतिशत उपस्थिति के साथ खुलेंगे. ऑनलाइन माध्यम से शिक्षण कार्य को प्राथमिकता दी जा सकेगी. परीक्षाएं सामान्य रूप से कोरोना को लेकर जारी निर्देशों के साथ ली जा सकेंगी. वहीं सभी धार्मिक स्थल सामान्य रूप से खुल सकेंगे. संबंधित धार्मिक स्थल का प्रबंधन यह तय करेगा कि वहां आने वाले श्रद्धालुओं द्वारा सोशल डिस्टेंसिंग तथा मास्क पहनने आदि से संबंधित कोरोना के निर्देशों का पालन सुनिश्चित किया जाए.
Source : Aaj Tak







