प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना के प्रचार के लिए भाजपा ने आज अपने झोला बांटने का अभियान शुरू कर दिया है। प्रदेश कार्यालय में केन्द्रीय गृहमंत्री नित्यानंद राय ने इस शुभारंभ किया। प्रदेश कार्यालय से शुरू हुए इस अभियान के पहले चरण में पार्टी के विधायक और सांसद पूरे प्रदेश में 50 लाख झोला बांटेगे। पीएम गरीब कल्याण अन्न योजना के तहत हर महीने पांच किलो मुफ्त अनाज देने की योजना केन्द्र सरकार चला रही है।

अब भाजपा बिहार के लोगों को झोला बांटकर ये बतायेगी की उनके घरों तक जो अनाज पहुंच रहा है, वो असल में मोदी सरकार की देन है। प्रदेश कार्यालय से विधिवत शुरू इस अभियान में आज 150 लाभुकों को झोला में पांच-पांच किलो अनाज भरकर और साड़ी दिया गया। अब सभी जिला व मंडलों में कार्यक्रम आयोजित होंगे और लाभुकों को झोला दिया जाएगा।

भाजपा के कार्यकर्ता बूथ लेवल तक कार्यक्रम आयोजित कर झोला वितरित करेंगे। झोला पर पीएम मोदी की तस्वीर, भाजपा का कमल निशान, पीएम गरीब कल्याण अन्न योजना छपा है।पीएम के साथ ही क्षेत्रवार सांसद व विधायक की तस्वीर भी इसपर छपी होगी। भाजपा के कार्यकर्ता पीडीएस दुकानों में पहुंच कर भी लाभुकों को यह झोला वितरित करेंगे।

विधायक 20 हजार तो सांसदों को बनवाना होगा 1 लाख झोला

आज से शुरू हो रहे भाजपा इस अभियान में पीडीएस दुकानों पर खास जोर होगा। सांसद और विधायक झोला के साथ ही गरीब कल्याण अन्नं योजना का फ्लैक्स बनवाएंगे। प्रत्येक सांसद को 1 लाख झोला, 1 हजार फ्लैक्स तो विधायक को 20 हजार झोला, 200 फ्लैक्स बनवाने के लिए कहा गया है। पीएम की तस्वीर और प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना से जुड़े इस फ्लैक्स को तैयार कराने के बाद सभी पीडीएस दुकानों के बाहर लगाया जाएगा। बिहार में 49 हजार 780 जनवितरण दुकानें हैं और इन सब के बाहर भाजपा ये बैनर लगवाने जा रही है। इस तरह के प्रचार का असल मकसद गरीबों तक मोदी सरकार के काम को पहुंचाना है। प्रधानमंत्री अन्न योजना के तहत कोरोना काल में केंद्र सरकार ने 5 किलो अनाज और 1 किलो दाल नबंबर तक मुफ्त देने का ऐलान किया है।

प्रदेश कार्यालय में पंडितों के मंत्रोच्चार के साथ शुरू हुआ अभियान

भाजपा इस प्रचार अभियान की शुरूआत देशस्तर पर आज से कर रही है। बिहार में पटना सहित 4 जिलों में आज के दिन ये प्रचार अभियान शुरू हुआ। बाकी जिलों में 17 से 23 अगस्त के बीच अभियान की शुरूआत होगी। प्रदेश कार्यालय की शुरूआत पंडि़त जी के मत्रोच्चारण के साथ हुआ। पूरा कार्यालय भगवा रंग में सजा दिखा। पार्टी की महिला कार्यकर्ता भगवा रंग की साड़ियों में दिखी।

भाजपा के झोला अभियान का क्या है मकसद

भाजपा के इस झोला अभियान का असल मकसद, आमलोगों तक ये बात पहुंचाना है कि गरीबों को जो अनाज मिल रहा है वो असल में मोदी सरकार का दिया है। यही वजह है कि भाजपा शासित यूपी जैसे राज्यों में इस प्रचार अभियान के फ्लैक्स पर पीएम के साथ ही सीएम योगी की भी तस्वीर दिखेगी। लेकिन नीतीश कुमार की तस्वीरों को इससे अलग रखा गया है। यहां संसदीय क्षेत्रों के लिहाज से भाजपा के सांसदों का चेहरा होगा। जहां विधायक हैं वहां विधायक का। कुल मिलाकर केन्द्र सरकार के काम का क्रेडिट नीतीश कुमार ना ले पाएं, इसकी पूरी कोशिश की गई है।

Input: Dainik Bhaskar

Muzaffarpur Now – Bihar’s foremost media network, owned by Muzaffarpur Now Brandcom (OPC) PVT LTD

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *