बिहार के दुर्गापूजा पंडालों में टीका उत्सव मनेगा। स्वास्थ्य विभाग ने सभी जिलाधिकारी एवं सिविल सर्जनों को कोरोना से बचाव को लेकर चलाए जा रहे टीकाकरण अभियान का संचालन दुर्गापूजा उत्सव के दौरान करने का निर्देश दिया है। इसके लिए प्रमुख पूजा पंडालों व स्थलों पर टीकाकरण के लिए कर्मियों की तैनाती की जाएगी।

पूजा आयोजन समिति द्वारा टीकाकर्मियों को स्थान उपलब्ध कराया जाएगा। इसके लिए सिविल सर्जनों को प्रमुख पूजा समितियों से समन्वय करने का निर्देश दिया गया है। दुर्गापूजा आयोजन समिति के सदस्यों को भी टीका दिया जाएगा।

डॉक्टरों को अलग केंद्रों की जिम्मेदारी: स्वास्थ्य विभाग के सूत्रों ने बताया कि दुर्गापूजा स्थलों व परिसर में कोरोना टीकाकरण कार्य को लेकर एक टेबुल और तीन कुर्सी लगाने की जगह की जरूरत होगी। एक स्थान पर दो टीकाकर्मी तैनात होंगे। किसी व्यक्ति की टीका लेने के बाद तबीयत खराब होने पर जांच के लिए डॉक्टरों को अलग-अलग केंद्रों की जिम्मेदारी सौंपी जाएगी। सूत्रों के अनुसार पूजा समारोह के दौरान कोरोना टीका से वंचित लोगों को टीका दिया जाएगा। अगर किसी व्यक्ति की टीके की दूसरी डोज लंबित है तो उन्हें दूसरी डोज दी जाएगी।

सभी जिलाधिकारियों व सिविल सर्जनों को निर्देश दिया गया है कि प्रमुख पूजा पंडालों में कोरोना टीकाकरण कार्य जिम्मेदारीपूर्वक कराएं। -मंगल पांडेय, मंत्री, स्वास्थ्य विभाग

25 लाख से अधिक टीके जिलों को उपलब्ध कराए
जानकारी के अनुसार, राज्य स्वास्थ्य समिति द्वारा जिलों को 25 लाख से अधिक कोरोना टीका की डोज उपलब्ध कराई गई है। इसमें सामान्य दिनों के टीकाकरण अभियान का भी संचालन किया जाएगा। साथ ही, पूजा उत्सव के दौरान टीका उत्सव को लेकर भी टीकाकरण किया जाएगा। राज्य में अबतक 5.86 करोड़ से अधिक व्यक्तियों को टीका दिया जा चुका है।
Source : Hindustan
हेलो! मुजफ्फरपुर नाउ के साथ यूट्यूब पर जुड़े, कोई टैक्स नहीं चुकाना पड़ेगा 😊 लिंक 👏



