छपरा. बिहार में सारण रेंज के डीआईजी मनु महाराज साइबर क्राइम (Cyber Crime) के शिकार हुए हैं. छपरा (Chhapra) के एक युवक द्वारा उनके नाम का इस्तेमाल कर सोशल मीडिया (Social Media) पर लोगों को ठगने का अनोखा मामला सामने आया है. हालांकि समय रहते नगर थाना पुलिस ने मनु कुमार नाम के इस आरोपी को धर दबोचा. पुलिस के मुताबिक गड़खा थाना क्षेत्र के पहाड़पुर गांव निवासी मनु कुमार सोशल मीडिया पर डीआईजी मनु महाराज (DIG Manu Maharaj) के नाम का इस्तेमाल कर लोगों को प्रभावित करने की गतिविधियों में लिप्त था.

DIG मनु महाराज के नाम से मिलता जुलता नाम होने के कारण आरोपी युवक ने फेक फेसबुक प्रोफाइल बनाया और लड़कियों को फ्रेंड लिस्ट भेजकर उनसे चैटिंग करने लगा

आरोप है कि मनु कुमार ने फेसबुक पर फर्जी प्रोफाइल बनाया और खुद को मनु महाराज बताकर कई लड़कियों से दोस्ती कर ली और उन्हें अश्लील मैसेज भेजने लगा. फेसबुक पर मनु महाराज का प्रोफाइल देख तेजी से उसके फॉलोअर बढ़ने लगे. आरोपी ने इस पॉपुलैरिटी का फायदा उठाते हुए कई लड़कियों से नौकरी दिलाने का वादा करने लगा. उनमें से कई से इसने पैसों की भी डिमांड की. लेकिन कुछ लड़कियों को इसपर संशय हुआ तो उन्होंने इसकी खबर डीआईजी मनु महाराज को दी. जिसके बाद डीआईजी के आदेश पर आईटी सेल ने इसका पता लगाया और गरखा से आरोपी मनु कुमार को गिरफ्तार कर लिया. पूछताछ में आरोपी ने पुलिस के सामने अपना गुनाह स्वीकार कर लिया है.

कुछ लड़कियों ने DIG मनु महाराज से की शिकायत

वहीं, डीआईजी मनु महाराज ने न्यूज़ 18 को बताया कि कुछ लड़कियों ने उनसे संपर्क किया था और बताया कि उनके द्वारा किसी दूसरे नंबर से अश्लील चैटिंग की जाती है. यह सुनकर मनु महाराज चौंक गए. उन्होंने उन लड़कियों द्वारा उपलब्ध कराए गए मोबाइल नंबर की जांच की तो ट्रूकॉलर एप पर पता चला कि आरोपी ने मनु महाराज नाम से प्रोफाइल बनाया है. साथ ही फेसबुक और अन्य सोशल साइट पर भी वो मनु महाराज का नाम इस्तेमाल कर लोगों से ठगी कर रहा है.

इसके बाद नगर थाना में केस दर्ज करवाया गया. साइबर सेल ने आईपी एड्रेस से युवक को ट्रेस किया और पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया. आरोपी युवक की पहचान मनु कुमार यादव के रूप में हुई है.

डीआईजी मनु महाराज ने लोगों से अपील की है कि यदि उनके नाम से सोशल मीडिया पर किसी भी तरह का फर्जी प्रोफाइल ऑपरेट हो रहा हो तो वो उन्हें जरूर रिपोर्ट करें.

Source : News18

Muzaffarpur Now – Bihar’s foremost media network, owned by Muzaffarpur Now Brandcom (OPC) PVT LTD

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *