आज अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस है. इस खास मौके पर बिहार में सशक्त और मजबूत हो रही महिलाओ की सुनहरी तस्वीर दिखाई पड़ रही है. आसमान से लेकर जमीन तक आज महिलाओं का दबदबा दिखाई पड़ रहा है. महिला दिवस के मौके पर पटना एयरपोर्ट की कमान महिलाओं को सौंप दी गई है. पटना एयरपोर्ट पर एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) और कम्युनिकेशन नेविगेशन सर्विलांस(CNS) की जिम्मेदारी महिलाओ को सौंपी गई है.

दोनों की कमान महिलाओं के हाथ में होने से हवाई जहाजों के लैंडिंग से लेकर उड़ाने तक पूरा नियंत्रण रहेगा. पटना एयरपोर्ट के निदेशक के मुताबिक महिला अधिकारियों ने अपनी कौशल के जरिये काम में अपना लोहा मनवाया है. महिलाओं को एयर कंट्रोल और कम्युनिकेशन की जिम्मेदारी दी जाएगी लेकिन सुरक्षा और तकनीकी कारणों से पूरा कमांड नहीं दिया जा सकता.

रेलवे स्टेशन की पूरी कमान महिलाओं के हाथ में
हवाई जहाज के साथ रेलवे की भी जिम्मेदारी महिलाओं के हाथ में दी गई है. समस्तीपुर रेल मंडल ने आज बड़ी तैयारी की है. इसके तहत समस्तीपुर रेलवे स्टेशन पर महिलायें जिम्मेदारी संभालेंगी. पटना-जयनगर इंटरसिटी एक्सप्रेस के समस्तीपुर स्टेशन पहुंचते ही उसका कंट्रोल महिलाओं के हाथ में हो जाएगा. टिकट चेकिंग से लेकर पायलट तक कि पूरी जिम्मेदारी महिलायें ही सम्भालेंगी.

पावर ग्रिड का संचालन कर रही महिलायें
मजबूत होती महिलाओं की बेहतर तस्वीर पटना के करबिगहिया स्थित पावर ग्रिड में भी दिखाई पड़ती है जहां की पूरी जिम्मेदारी सिर्फ महिलायें ही संभालती हैं. पावर ग्रिड में जहां बिजली की तकनीकी बारीकियों को महिलाये ना सिर्फ बखूबी समझती हैं बल्कि पिछले 4 सालों से पूरा संचालन महिलायें ही करती हैं. पावर ग्रिड की पूरी जिम्मेदारी 13 महिलाओं के हाथ में है जो सशक्त महिलाओं का सबसे मजबूत हस्ताक्षर है.
Source : News18









