पूर्वी चंपारण के पताही थाने के जिहुली गांव में जमीन बिक्री के 60 लाख रुपये के विवाद में छोटे ने बड़े भाई को खाने में विषैला पदार्थ मिलाकर खिला दिया। हालत बिगड़ने पर परिजनों ने एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां मंगलवार की देर रात उसकी मौत हो गई। मृतक जिहुली गांव के 55 वर्षीय सुनील कुमार सिंह हैं। वह मुजफ्फरपुर के खबड़ा एमपीएस साइंस कॉलेज के पास परिवार के साथ किराये के मकान में रहते थे। मृतक की पत्नी रानी सिन्हा ने आहियपुर थाने में बयान दर्ज कराया है, जिसमें देवर व देवरानी को आरोपित किया है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया।


रानी सिन्हा ने पुलिस को बताया कि 10 जून को मेरे पति सुनील कुमार सिंह गांव गए हुए थे। वहां जमीन बिक्री हुई थी। मेरे हिस्सा के 60 लाख रुपये देवर के पास थे। इसी रुपये के लिए देवर विवाद कर रहा था। मंगलवार को मेरे पति ने मोबाइल से वात कर बताया कि छोटे भाई ने खाने में विषैला पदार्थ मिला दिया। जब हम अपने बेटे के साथ जिहुली गए तो वहां पति चौकी पर बेहोश पड़े थे। वहां से उनको एसकेएमसीएच लाये, फिर पास के ही एक निजी नर्सिंग होम ले गए, जहां देर रात उनकी मौत हो गयी। एसकेएमसीएच पुलिस चौकी के इंचार्ज आदित्य कुमार ने बताया कि एक मरीज की मौत हो गई है। डॉक्टर ने विषैला पदार्थ खाने से मौत बताया है।
Source : Hindustan









