इस वक्त बिहार की राजधानी पटना से बड़ी खबर आ रही है. राजधानी पटना में अपराधियों ने पिस्टल की नोक पर लूट की बड़ी घटना को अंजाम दिया है. बताया जाता है कि सोमवार दोपहर करीब 3.30 बजे राजधानी के अति पौश इलाके अटल पथ पर हथियार से लैस पांच लुटेरों ने एक एजेंसी कर्मी से 45 लाख रुपये लूट लिए. मिली जानकारी के अनुसार एजेंसी कर्मी कार संख्या बीआर01एसएस 9381 पर सवार होकर पैसे जमा करने जा रहे थे, इसी दौरान अटल पथ पर पहले से मौजूद अपरधियों ने उनसे हथियार के बल पर रुपये लूट लिए. घटना के बाद सिटी एसपी मध्य राहुल अमरेश समेत मौके पर कई थानों की पुलिस वहां पहुंच गयी है.

मिल जानकारी के अनुसार एक निजी कंपनी का कर्मचारी पैसे जमा कराने जा रहा था, तभी अटलपथ पर उसके साथ लूट-पाट की गयी. बताया जाता है कि लूट पाट के विरोध करने पर अपराधियों ने कर्मचारी के साथ मारपीट भी की है. घटना की सूचना मिलते ही वरीय अधिकारी मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गए हैं. सीसीटीवी फुटेज के माध्यम से अपराधियों को गिरफ्तार करने के लिए छापेमारी भी शुरू कर दी गयी है.

इधर इस घटना के बाद बिहार में एक बार फिर से लॉ एंड ऑर्डर को लेकर सवाल उठने लगे हैं. बता दें, सीएम नीतीश कुमार 16 नवंबर को बिहार में कानून-व्यवस्था और शराबबंदी को लेकर समीक्षा बैठक भी करने वाले हैं. वहीं, बिहार के डीजीपी एसके सिंघल भी लगातार सभी जिलों के पुलिस अधिकारियों के साथ बैठकर उन्हें कानून-व्यवस्था बनाए रखने का निर्देश दे रहे हैं. लेकिन, इसके बावजूद बिहार की राजधानी पटना में इतनी बड़ी लूट होना पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठाती है.

बता दें, राजधानी पटना का अटल पथ बिहार के सबसे पौश सड़कों में शुमार है. इस सड़क का उद्घाटन पिछले ही साल हुआ है. सीएम नीतीश कुमार की इस अति महत्वाकांक्षी अटल पथ योजना पर करोड़ों रुपये खर्च कर इसे मेट्रो शहरों की सड़क की तरह तैयार किया गया है. इस सड़क पर जगह-जगह सीसीटीवी कैमरा लगाए गए हैं. वहीं पुलिस के पेट्रोलिंग गाड़ी भी इस सड़क पर घूमती नजर आती है, ऐसे में इस सड़क पर लूट की इतनी बड़ी घटना प्रशासनिक विफलताओं को दर्शाती है.
(मुजफ्फरपुर नाउ के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)






