बिहार की महिला रग्बी टीम ने इतिहास रच दिया है। 9वीं सीनियर राष्ट्रीय रग्बी प्रतियोगिता के फाइनल में रविवार को पश्चिम बंगाल को हराकर बिहार की महिला रग्बी टीम चैंपियन बन गई। पाटलिपुत्र स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स कंकड़बाग में रविवार को आयोजित फाइनल मुकाबले में बिहार ने पश्चिम बंगाल को 15-5 से हराकर खिताब जीता। इस मुकाबले में बिहार की महिला खिलाड़ी श्वेता ने 10 अंक, जबकि धर्मशिला ने पांच अंक बनाए।

nps-builders

बिहार खेल विकास प्राधिकरण के महानिदेशक रवीन्द्र शंकरण ने बताया कि बिहार के लिए यह गौरव की बात है। बिहार की महिला टीम ने पहली बार सीनियर वर्ग में रग्बी का यह खिताब जीता है। इससे पहले हैदराबाद में राष्ट्रीय प्रतियोगिता में सब जूनियर टीम ने फाइनल में जीत दर्ज की थी। उन्होंने खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि यह जीत ऐतिहासिक है। अब 16 जून से महिला और पुरुष जूनियर टीम का नेशनल चैंपियन मुकाबला शुरू होगा।

पाटलिपुत्र स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में आयोजित पूरे मुकाबले के दौरान बिहार की खिलाड़ियों ने मैच खत्म होने तक अपना दबदबा बनाए रखा। मुकाबले के दौरान बार-बार बिहार की महिला खिलाड़ियों की चपलता बंगाल की टीम पर भारी पड़ी। बिहार को इस प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक, उपविजेता पश्चिम बंगाल की टीम को रजत जबकि तीसरे स्थान पर रहने वाली ओडिशा की टीम को कांस्य पदक मिला।

तीसरे स्थान के लिए महाराष्ट्र और ओडिशा के बीच मुकाबला हुआ था जिसमें ओडिशा ने महाराष्ट को 24-12 से जीत कर कांस्य पदक जीता। इससे पहले महिला वर्ग के पहले सेमीफाइनल मुकाबले मे पश्चिम बंगाल ने ओडिशा को 17-15 से हराकर फाइनल में जगह बनाई थी। जबकि दूसरे सेमीफाइनल मुकाबले में बिहार की टीम महाराष्ट्र को 24-17 से हरा कर फाइनल में पहुंची थी। फाइनल मुकाबले में जीत का जश्न पूरी टीम देर तक मनाती रही।

पुरुष वर्ग में हरियाणा बना नेशनल चैंपियन

पुरुष वर्ग मुकाबले के फाइनल में हरियाणा ने दिल्ली को 15-00 से हराकर चैंपियन का खिताब हासिल किया। मुकाबले में दिल्ली की टीम शुरू से अंत तक हरियाणा के खिलाड़ियों के सामने पिछड़ती नजर आई। हालांकि इससे पहले दिल्ली ने पश्चिम बंगाल को 12-07 से हराकर फाइनल मे जगह बनाई थी। वहीं हरियाणा ने महाराष्ट्र को 29-07 से हराकर फाइनल की राह सुनिश्चित की थी। तीसरे स्थान के लिए हुए मुकाबले मे पश्चिम बंगाल ने महाराष्ट्र को 24-12 से हरा कर कांस्य पदक प्राप्त किया।

पुरस्कार वितरण समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह, विशिष्ट अतिथि स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडे, इंडियन रग्बी फुटबॉल यूनियन के सचिव गेराल्ड प्रभु, रग्बी फुटबॉल एसोशिएशन के सचिव पंकज कुमार ज्योति समेत अन्य लोग मौजूद रहे। सभी ने खिलाड़ियों की हौसलाआफजाई की।

Source : Hindustan

Genius-Classes

umanag-utsav-banquet-hall-in-muzaffarpur-bihar

Muzaffarpur Now – Bihar’s foremost media network, owned by Muzaffarpur Now Brandcom (OPC) PVT LTD

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *