केंद्र सरकार ने बिहार को बड़ी सौगात दी है। राज्य में प्रस्तावित 23 राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच) के निर्माण के लिए केंद्र सरकार ने लगभग 7000 करोड़ की मंजूरी दी है। इसके तहत सरकार ने मिथिलांचल में प्रस्तावित नेशनल हाइवे की मंजूरी भी दे दी है। धार्मिक गलियारा (कॉरिडोर) के तहत मधुबनी के उमगांव से सहरसा के महिषी तक बनने वाली इस सड़क की बजटीय स्वीकृति मिलने से इसके निर्माण का रास्ता साफ हो गया है। इन सड़कों की बजटीय मंजूरी की जानकारी केंद्रीय सड़क एवं परिवहन राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने खुद ट्वीट कर दी है। इसके साथ ही अब इन सड़कों के बनने का रास्ता साफ हो गया।

भारतमाला धार्मिक सम्पर्क योजना के तहत उच्चैठ भगवती स्थान से महिषी तारास्थान को जोड़ने की घोषणा प्रधानमंत्री ने बिहार के लिए घोषित विशेष पैकेज में की थी। उस घोषणा के तहत मधुबनी के उमगांव से बासोपट्टी-बेनीपट्टी-रहिका-मधुबनी-रामपट्टी-अवाम-लऊफा-भेजा-सुपौल-महिषी-सहरसा के बीच 160 किमी एनएच बनाने का प्रस्ताव था। पथ निर्माण विभाग ने इसमें संशोधन करते हुए अवाम से मधेपुर-गंडौल को जोड़ते हुए 171 किलोमीटर एनएच बनाने का प्रस्ताव दिया जो संशोधित होकर 180 किमी हो गया। इसी एनएच में 20 किलोमीटर मिसिंग लिंक को जोड़ने के लिए कोसी नदी पर भेजा-बकौर के बीच एक 10 किमी से अधिक लंबा पुल बनाया जा रहा है जो देश की नदियों पर बनने वाला सबसे लंबा पुल है।

इस योजना के तहत एनएच-227एल के उमगांव जंक्शन के पास मधुबनी में हटवारिया से कलुआही तक, एनएच -227जे में सहरघाट से रहिका मधुबनी तक, एनएच-527ए के रहिका से रामपट्टी मधुबनी बाईपास तक और एनएच -527ए के बिदेश्वरस्थान से भेजा तक सड़कों पर 1473.20 करोड़ खर्च होंगे।

आमस-दरभंगा एक्सप्रेस वे के चौथे खंड को मंजूरी
बिहार में बन रहे पहले एक्सप्रेस-वे आमस-दरभंगा के चौथे खंड को केंद्र ने मंजूर कर लिया है। इसके तहत एनएच 119डी समस्तीपुर के बलभद्रपुर से दरभंगा एयरपोर्ट के समीप बेला नवादा एनएच 57 में समाप्त होगा। सड़क निर्माण में 2185.75 करोड़ खर्च होगा। औरंगाबाद से जयनगर तक की यह सड़क 271 किलोमीटर लंबी है जो प्रदेश के 6 जिलों से होकर गुजरेगी।

एम्स-नौबतपुर सड़क का रास्ता साफ
एम्स से नौबतपुर के बीच बनने वाली सड़क की मंजूरी मिल गई है। एनएच 98 एम्स-नौबतपुर में 10.84 किलोमीटर सड़क बनाने के लिए केंद्र सरकार ने 88.33 करोड़ की मंजूरी दी है। एनएच 30 के आरा शहर में 8.6 किलोमीटर सड़क निर्माण के लिए 98.54 करोड़ की मंजूरी दी गई है। एनएच 122 बी हाजीपुर-महनार-बछवाड़ा में 42.618 किलोमीटर सड़क के लिए 624 करोड़ 43 लाख की मंजूरी दी गई है।
Source : Hindustan








