आरा. बड़ी खबर आरा से है जहां जगदीशपुर में बाबू वीर कुंवर सिंह के खानदान से जुड़े युवक कुंवर रोहित सिंह उर्फ बबलू सिंह की संदेहास्पद मौत हो गई है. परिवार के लोगों का आरोप है कि रोहित की मौत किले की सुरक्षाकर्मियों की कथित तौर पर पिटाई से हो गयी. रोहित को इलाज के लिए जगदीशपुर रेफरल अस्पताल में सोमवार की दोपहर भर्ती कराया गया था जिसके बाद इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया. मृतक रोहित सिंह स्वतंत्रा संग्राम में अहम भूमिका निभाने वाले भोजपुर के रण बांकुरे वीर कुंवर सिंह की वंशज और भाजपा नेत्री पुष्पा सिंह का 30 वर्षीय पुत्र था.

इस घटना के बाद जिले में सनसनी फैल गई और लोगों ने देर रात तक जमकर बवाल काटा. हालात ऐसे रहे कि देर रात तक डीएम और एसपी को आरा के सदर अस्पताल में खुद कैंप करना पड़ा. रोहित के परिजन लगातार जगदीशपुर किले में तैनात सीआईएटी जवानों की पिटाई से उसकी मौत होने का आरोप लगा रहे हैं. खास बात ये है कि जिस किले में रोहित की मौत कथित रूप से पुलिसिया पिटाई से हुई है वहीं 23 अप्रैल को वीर कुंवर सिंह के विजयोत्सव के मौके पर गृह मंत्री अमित शाह को भी आना है. इस घटना ने भोजपुर पुलिस की मुश्किलें बढ़ा दी हैं.

रोहित की मौत के बाद अस्पताल में हंगामा शुरू कर दिया. मौके पर पहुंची स्थानीय पुलिस को शव उठाने से भी रोक दिया. रोहित के परिजन और स्थानीय लोग पुलिस के खिलाफ नारेबाजी कर रहे थे. परिजन और हंगामा कर रहे लोग मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को घटनास्थल पर बुलाने और मारपीट करने वाले जवानों पर हत्या की प्राथमिकी दर्ज करते हुए गिरफ्तार करने की मांग कर रहे थे.

इस घटना के बारे में भोजपुर के एसपी विनय तिवारी ने बताया कि किले में तैनात सीआईएटी जवानों पर मारपीट करने का आरोप लगाया जा रहा है, जिसकी जांच करायी जा रही है. एसपी ने कहा कि मृतक के परिजनों के आवेदन पर प्राथमिकी दर्ज कर जो भी दोषी होंगे, उनके खिलाफ कार्रवाई की जायेगी. युवक को पुलिस हिरासत में लिये जाने और पिटाई किये जाने से एसपी ने इनकार किया है. उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का खुलासा हो सकेगा.
Source : News18









