गोपालगंज. बिहार में होली से पहले शराब के कई मामले सामने आ रहे हैं. राज्य में शराब तस्कर तेजी से सक्रिय हो चुके हैं. दरअसल, होली पर शराब की बिक्री सबसे अधिक होती है. ऐसे में बिहार में शराबबंदी होने के कारण अवैध तरीके से लोगों तक शराब पहुंचाया जा रहा है. माफिया भी काफी शातिर हो चुके है अब उन्होंने शराब तस्करी के नए-नए तरीके ईजाद कर लिया है. गोपालगंज से एक ऐसा ही अनोखा मामला सामने आया है. यहां एक तस्कर को गिरफ्तार किया गया है, जो अपने शरीर में शराब की बोतलें छिपाकर ला रहा था. शराब तस्कर के पास से 145 पीस बंटी-बबली और फ्रूटी शराब बरामद किया गया है.

मालूम हो सूबे में पूर्ण शराबबंदी कानून लागू है और होली को लेकर पुलिस अलर्ट है. इसके बावजूद शराब कि तस्करी करने से शराब तस्कर बाज नहीं आ रहे हैं. वो शराब तस्करी के कई तरीके भी अपना लेते हैं, ताकि पुलिस को इसकी भनक न लगे. लेकिन पुलिस हमेशा ही उन शराब तस्करों के मंसूबे पर पानी फेरते रही है. बताया जा रहा है कि बरौली थाना क्षेत्र के देवापुर गांव का मनीष सिंह यूपी से बाइक से शराब लेकर जा रहा था. तभी पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि बाइक से शराब की तस्करी किया जा रहा है. पुलिस ने रतनसराय रेलवे ढाला के पास वाहन जांच शुरू कर दी.

इस दौरान बाइक सवार युवक जैसे ही रतनसराय के पास पहुंचा वैसे ही पुलिस उसे रोक कर जब तलाशी ली तो शराब तस्करी का राज खुला. शरीर में टेप से चिपका कर शराब तस्करी का खेल कर रहे इस युवक के जॉकेट में भी शराब की बोतलें भरीं थी. बरामद शराब के बाद पुलिस ने बाइक को जब्त कर लिया और उसे अपने हिरासत में ले लिया. इस पूरे मामले में उत्पाद अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज कर तस्कर को जेल भेज दिया गया.
Source : News18









