भोजपुर जिले के एक थानेदार का वीडियो इंटरनेट पर खूब वायरल हो रहा है। इस वीडियो को लेकर लोग तरह-तरह के कमेंट कर रहे हैं। मामला बिहार पुलिस मुख्यालय तक पहुंच गया तो जांच और कार्रवाई की नौबत आ गई है। मुख्यालय के निर्देश पर एसपी संजय कुमार सिंह जांच के लिए खुद ही थाने में पहुंच गए। थानाध्यक्ष को स्पष्टीकरण देने को कहा। सिपाही से लेकर चौकीदार तक से वायरल वीडियो के संबंध में पूछताछ की। मामला आरा के मुफस्सिल थानाध्यक्ष अनिल कुमार सिंह का है।

थानेदार ने दिया – डाक्टर की सलाह का हवाला
दरअसल, थानाध्यक्ष का शर्ट उतारे हालत में थाना में बैठकर ड्यूटी करते एक वीडियो इंटरनेट मीडिया पर वायरल हुआ है। इस बारे में थानाध्यक्ष के अनुसार शरीर में एलर्जी जैसा हुआ है। डाक्टर से दिखाए थे। डाक्टर ने कपड़े को लेकर सलाह भी दी थी। बताया जा रहा कि वायरल वीडियो नौ जून का है। इसमें थानाध्यक्ष शरीर शर्ट उतारकर लोगों की समस्याओं का निपटारा करते देखे जा रहे हैं। उनके अलावा थाना में चार-पांच लोग कुर्सी पर बैठे नजर आ रहे हैं। देखते ही देखते यह वीडियो इंटरनेट मीडिया पर तेजी से वायरल होने लगा है।

थानेदार बोले- छवि धूमिल करने का प्रयास कर रहे लोग
इंटरनेट यूजर्स ‘अर्धनग्न हाल में ड्यूटी करते हुए पुलिस अधिकारी’ लिखकर इस वीडियो को पोस्ट कर रहे हैं। इस बीच रविवार को एसपी ने खुद मुफस्सिल थाना पहुंचकर पूरे मामले की जांच की। इधर, पूछे जाने पर थानाध्यक्ष ने कहा कि एक रोज पहले डाक्टर से दिखाए थे। शरीर में नोचनी जैसा हुआ था। इसलिए शर्ट पहनने में परेशानी हो रही थी। कुछ लोग उनकी छवि को धूमिल करने के लिए तरह-तरह का पोस्ट बनाकर वायरल कर रहे हैं।
Source : Dainik Jagran









