श्रीनगर में केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के जवानों पर हाल में हुए हमले में शामिल रहे लश्कर-ए-तैयबा के दो पाकिस्तानी आतंकवादी शहर में रविवार को हुई मुठभेड़ में मारे गए, जबकि तीन सुरक्षाकर्मी घायल हो गए। 4 अप्रैल को हुए हमले में बिहार के मुंगेर जिले का जवान विशाल कुमार शहीद हो गया था। विशाल का पैतृक घर हवेली खड़गपुर प्रखंड के नाकी लोहची में है।

कश्मीर के पुलिस महानिरीक्षक (आईजीपी) विजय कुमार ने बताया कि पुलिस चार अप्रैल को सीआरपीएफ कर्मियों पर हुए हमले के दिन से ही दोनों पाकिस्तानी आतंकवादियों का पीछा कर रही थी। रविवार को उनके ठिकाने का पता लगाने के बाद अभियान शुरू किया गया था। उन्होंने बताया कि मारे गए दोनों आतंकी पाकिस्तानी थे और इनकी पहचान मोहम्मद भाई उर्फ अबू कासिम उर्फ मीर शोएब उर्फ मुदस्सिर और अबू अरसलान उर्फ खालिद उर्फ आदिल के रूप में हुई है। दोनों लश्कर ए तैयबा के आतंकवादियों को ए श्रेणी में रखा गया था। मोहम्मद भाई जहां 2019 से सक्रिय था, वहीं अबू अरसलान साल 2021 से मध्य कश्मीर में सक्रिय था।

हथियार और गोला बारूद बरामद
आईजीपी कुमार ने बताया कि आतंकवादियों ने मुठभेड़ स्थल पर एक ग्रेनेड फेंका, जिससे सीआरपीएफ का एक जवान और दो पुलिसकर्मी घायल हो गए। मुठभेड़ में घायल हुए सुरक्षाकर्मियों को यहां सेना के 92 बेस अस्पताल में भर्ती कराया गया है और उनकी हालत स्थिर है। आईजीपी ने कहा, दो पाकिस्तानी आतंकवादियों को श्रीनगर में मुठभेड़ में मार गिराया गया है। हथियार, गोला बारूद एवं अन्य आपत्तिजनक सामग्री बरामद की गई है।
Source: Hindustan









